193 रन का पीछा करते हुए विराट कोहली ने जब पहले ओवर की अपनी पहली ही गेंद पर खाता खोलते ही मुट्ठी हवा में लहराई। अगले ओवर में उन्होंने वैभव अरोरा की गेंदों पर चार चौके लगाए। जब कोहली 21 रन पर थे तब पॉवेल ने एक मुश्किल कैच छोड़ दिया जो काफी महंगा साबित हुआ। इसके बाद आरसीबी के सलामी बल्लेबाज ने कोई गलती नहीं की। केकेआर के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की।
विराट कोहली ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, पडिक्कल के साथ मिलकर 92 रन की मैच-विनिंग साझेदारी की और फिर कुछ अविश्वसनीय शॉट खेलकर अपना 9वां आईपीएल शतक बनाया। साथ ही टी20 क्रिकेट का 10वां शतक जड़ा। इस शतक से पहले जब विराट ने अपनी पारी का 78वां रन पूरा किया तो उन्होंने क्रिस गेल का विश्व रिकॉर्ड तोड़ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।
दरअसल, विराट कोहली टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने यह कमाल 409 टी20 पारियों में किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 423वीं पारी में 14 हजार का आंकड़ा छूआ था। वहीं, डेविड वॉर्नर ने 431, जोस बटलर ने 468, एलेक्स हेल्स ने 505 और कीरोन पोलार्ड ने 633 पारियों में 14000 रन पूरे किए थे।
विराट कोहली टी20 क्रिकेट में 14 हजार पूरे करने वाले पहले भारतीय और एशिया के पहले क्रिकेटर बने। विराट के नाम 426 टी20 मैच की 409 पारियों में कुल 14,027 रन दर्ज हैं। विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट में 10 शतक जड़े हैं। इस मामले में कोहली ने डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली है। टी20 क्रिकेट में क्रिस गेल ने सर्वाधिक 22 शतक जड़े हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद बाबर आजम ने 13 शतक जड़ा है।
वहीं, आईपीएल में विराट कोहली ने अपना 9वां शतक पूरा किया। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी है। केकेआर के खिलाफ उन्होंने दूसरा आईपीएल शतक जड़ा। 7 शतक के साथ जोस बटलर आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। क्रिस गेल और केएल राहुल ने छह-छह शतक लगाए हैं। 5 शतक के साथ संजू सैमसन भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
विराट कोहली ने पिछले सीजन की ही तरह इस सीजन भी अपनी फॉर्म दिखाई है। विराट ने अभी तक 12 मैच में 484 रन बना चुके हैं। इस दौरान विराट की स्ट्राइक रेट 165.75 की और औसत 53.78 का रहा है। 19वें सीजन में विराट के बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतक निकल चुके हैं। विराट कोहली ने इन 400 रनों के साथ आईपीएल में एक अनोखा इतिहास लिखा। वह आईपीएल के 12 सीजन में 400 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। सुरेश रैना, रोहित और शिखर धवन ने 9 बार आईपीएल के एक सीजन में 400 से ज्यादा रन बनाए हैं।
इतने से भी विराट कोहली का मन नहीं भरा। रन मशीन कोहली ने रन चेज करते हुए सर्वाधिक शतक जड़ने के मामले में जोस बटलर की बराबरी की। विराट कोहली और जोस बटलर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आईपीएल में तीन-तीन शतक जड़े हैं। 2 शतक के साथ बेन स्टोक्स इस लिस्ट में शामिल हैं। वहीं दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ एक से ज्यादा शतक जड़ने के मामले में विराट ने बटलर की बराबरी की। विराट ने गुजरात लायन्स और केकेआर के खिलाफ दो-दो शतक जड़े हैं। वहीं, जोस बटलर ने आरसीबी और केकेआर के खिलाफ दो-दो शतक जड़े हैं।
विराट कोहली ने आईपीएल की चौथी टीम के खिलाफ 1000 से ज्यादा रन बनाने का कमाल भी किया। विराट ने सीएसके के खिलाफ 1174 रन बनाए हैं। दिल्ली के खिलाफ 1172 रन, पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 रन और अब केकेआर के खिलाफ 1126 रन बना दिए हैं। केकेआर के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने के मामले में विराट दूसरे स्थान पर हैं। विराट से आगे रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ 1161 रन बनाए हैं।