केएल राहुल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सही मायनों में टीम प्लेयर हैं। इंग्लैंड दौरे पर जब टीम इंडिया अपने सीनियर खिलाड़ियों के बिना उतरी थी तो सबकी नजर केएल राहुल पर थी और उन्होंने टीम मैनेजमेंट को निराश नहीं किया। राहुल ने दोनों ही पारियों में अच्छी बल्लेबाजी की।
केएल राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में 247 गेंद में 137 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 18 चौके लगाए। उनकी यह पारी तब आई जब जायसवाल 4 और कप्तान शुभमन गिल 8 रन बनाकर आउट हो गए थे।
केएल राहुल का यह टेस्ट क्रिकेट में 9वां शतक था। इंग्लैंड के खिलाफ यह उनका चौथा और इंग्लैंड में यह उनका तीसरा शतक है।
साल 2018 के बाद से जब इंग्लैंड की धरती पर राहुल ने अपना पहला टेस्ट खेला था तब से सबसे ज्यादा शतक राहुल के नाम रहा है। 2018 के बाद से राहुल ने इंग्लैंड की धरती पर 3 शतक लगाए हैं और उन्होंने बेन डकेट के 2 शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
चौथे दिन के शुरुआती ओवर में ही टीम इंडिया ने कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया था। इंग्लैंड को लगा था कि वह मैच में वापसी कर लेगी, लेकिन पंत और राहुल ने चौथे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को ड्राइविंग सीट पर पहुंचा दिया।
राहुल की 137 और पंत की 118 रन की पारी के दम पर भारत ने दूसरी पारी में 364 रन बनाए और पहली पारी में मिले 6 रन की बढ़त की बदौलत इंग्लैंड के सामने 371 रन का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया को सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने के लिए 10 विकेट की दरकार है।
केएल राहुल की सेंचुरी पर ससुर सुनील शेट्टी ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा 'हमें तुम पर गर्व है बेटा, एक ऐसी पारी जो कम बोली लेकिन सबकुछ कह दिया। उन्होंने पंत के फियरलेस पारी की भी जमकर तारीफ की।