इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 36वां मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला गया। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
इस मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने आए राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर जमकर धमाका किया। उन्होंने मात्र 36 गेंदों में शतक मारकर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया। इस दौरान उन्होंने 12 छक्के जड़े।
इससे पहले जब टॉस हो रहा था तब इस सीजन में हर बार की तरह सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से सिक्का उछालने ईशान किशन मैदान पर नहीं उतरे। क्रिकेट फैंस को टॉस के लिए ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस नजर आए।
हालांकि, इससे पहले हुए सनराइजर्स के 7 मुकाबलों में ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे थे। उनकी कप्तानी को जमकर सराहा भी जा रहा था। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को 7 में से 4 मैचों में जीत दिलाई और पॉइंट टेबल में टीम को टॉप-4 में बनाए रखा था।
ईशान किशन की इतनी बढ़िया कप्तानी के बाद क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी कि पैट कमिंस के लौटने के बाद भई किशन ही टीम की कमान संभालेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जैसे ही पैट कमिंस टीम में आए वैसे ही वह कप्तानी करने मैदान पर उतरे।
जब क्रिकेट फैंस ने ईशान किशन की जगह पैट कमिंस को कप्तानी के लिए उतरे देखा तो उन्हें टीम मैनेजमेंट का यह निर्णय पसंद नहीं आया। दरअसल, क्रिकेट फैंस चाहते थे कि भले ही पैट कमिंस टीम में वापस आ जाएं लेकिन कप्तानी ईशान किशन ही करें।
इसके बाद क्रिकेट फैंस सोशल मीडिया पर कमेंट कर रहे हैं कि SRH मैनेजमेंट ईशान किशन के मेहनत को भूल गया है। जिस तरह ईशान ने आगे बढ़कर टीम को लीड किया था, उससे फैंस उन्हें ही पूरे सीजन के लिए कप्तानी के रूप में देखना चाहते थे।
पैट कमिंस को SRH ने साल 2024 में कप्तानी सौंपी थी। उनकी कप्तानी में टीम 2024 में फाइनल तक पहुंची थी, हालांकि उसे केकेआर से फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं पिछले सीजन SRH की टीम पॉइंट टेबल में 6वें नंबर थी।