आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का चक्र दो साल का होता है और फिर जो दो टीमें शीर्ष पर होती हैं उनके बीच फाइनल खेला जाता है। मौजूदा WTC चैंपियन दक्षिण अफ्रीका है। अब इस बार कौन फाइनल में जाएगा इसकी रेस अभी भी जारी है। आइए जान लेते हैं कि मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में किन 5 बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा रन बरसाए हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की खूबसूरत मेस ट्रॉफी हर कोई जीतना चाहता है। फिलहाल डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में दुनिया के टॉप-5 बल्लेबाज कौन-कौन हैं ये साल 2025 खत्म होते-होते हर क्रिकेट फैन जानना चाहेगा। इस लिस्ट में जिन खिलाड़ियों के नाम हैं उनमें एक बात बेहद दिलचस्प देखने को मिल रही है।
दिलचस्प बात यही है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में चार भारतीय बल्लेबाज हैं जबकि सिर्फ 1 विदेशी बल्लेबाज इसमें अब तक अपनी जगह बना सका है।
शुभमन गिल को हाल में टी20 विश्व कप 2026 के लिए चुनी गई भारतीय क्रिकेट टीम में नहीं चुना गया, ये हैरानी वाली बात इसलिए भी है क्योंकि वो ना सिर्फ WTC 2025-27 चक्र में 8 मैचों के अंदर 950 रन बनाकर शीर्ष पर हैं। बल्कि इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूप मिलाकर भी उनके नाम सबसे ज्यादा 1764 रन दर्ज हैं।
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर भी भारतीय बल्लेबाज का नाम ही दर्ज है। डब्ल्यूटीसी 2025-2027 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर हैं केएल राहुल जो अब तक इस चक्र में 9 टेस्ट मैचों की 17 पारियों में 796 रन बना चुके हैं।
WTC के मौजूदा चक्र में जो शीर्ष 5 बल्लेबाज अभी नजर आ रहे हैं उसमें सिर्फ एक विदेशी बल्लेबाज है, जो तीसरे पायदान पर हैं। ये हैं इंग्लैंड के महान बल्लेबाज जो रूट जिन्होंने डब्ल्यूटीसी के तहत खेले गए 8 मैचों की 14 पारियों में अब तक 756 रन बना लिए हैं। अब सबकी नजरें मेलबर्न टेस्ट पर होंगी जहां जो रूट इस साल का अपना आखिरी एशेज टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न के मैदान पर खेलेंगे।
सूची में चौथे पायदान पर भारत का ऑलराउंडर खिलाड़ी है। ये हैं रविंद्र जडेजा जो इस टॉप-5 लिस्ट में अकेले ऑलराउंडर हैं जो अपनी जगह बनाने में सफल हुए हैं। जडेजा ने अब तक WTC 2025-27 चक्र के 9 टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 725 रन बनाए हैं।
युवा भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल इस समय अस्वस्थ हैं लेकिन मैदान पर वो शानदार लय में हैं। इस लिस्ट में वो पांचवें नंबर पर हैं। अब तक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा साइकल में जायसवाल 9 टेस्ट मैचों की 17 पाकियों में 713 रन बनाने में सफल हुए हैं।