गुजरात और पंजाब की टीमों के बीच आईपीएल 2025 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर एक रनों से भरपूर मैच खेला गया जिसने फैंस का खूब मनोरंजन किया। हालांकि मेजबान टीम को लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद हार मिली। हार के कई कारण हो सकते हैं, लेकिन कप्तान गिल का एक फैसला इतना चर्चा में आया कि गूगल सीईओ भी खुद को इस पर लिखने से नहीं रोक सके।
आईपीएल के 18वें सीजन के पांचवें मुकाबले में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच रोमांचक मैच हुआ। इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और उसने 5 विकेट पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी नई टीम की तरफ से खेलते हुए सीजन के पहले ही मैच में धुआंधार बल्लेबाजी की। अय्यर ने 42 गेंदों में नाबाद 97 रनों का स्कोर बनाया। वो तीन रन से सेंचुरी से चूक गए लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी टीम को सम्मानजनक स्थिति में पहुंचा दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने बेहतरीन शुरुआत की और एक समय पर उनके 199 रन पर सिर्फ 3 विकेट गिरे थे। वो टारगेट के बेहद करीब थे। लेकिन तभी अचानक अंतिम ओवरों में उनके दो अहम विकेट गिरे और आखिरी ओवर में उनको 27 रन चाहिए थे। वे इस ओवर में 2 विकेट गंवाकर 15 रन ही बना सके और मैच 11 रन से गंवा दिया।
इस हार के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के एक फैसले को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर फैंस ने गिल के एक फैसले पर जमकर निशाना साधा है। ये फैसला है वॉशिंगटन सुंदर को टीम में ना खिलाना। इसको लेकर एक फैन ने लिखा कि कैसे सुंदर भारत की टीम में जगह बना लेता है लेकिन आईपीएल की कोई भी टीम उन्हें प्लेइंग 11 में शामिल क्यों नहीं करती ये रहस्य बन चुका है। इस एक्स पोस्ट पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने हैरानी भरा जवाब दिया।
फैंस ने जब ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को गुजरात टाइटंस की प्लेइंग 11 में शामिल ना करने पर सवाल उठाए, तो इस पर गूगल सीईओ की नजर भी थी और उन्होंने जवाब देते हुए लिखा- मैं भी इसी को लेकर हैरान हूं।
आपको बता दें कि वॉशिंगटन सुंदर एक बेहतरीन स्पिनर होने के साथ-साथ एक शानदार बल्लेबाज भी हैं जो निचले क्रम में शानदार पारियां खेलने के लिए जाने जाते हैं। लोगों का कहना है कि गुजरात के कप्तान गिल ने प्लेइंग 11 में अरशद खान की जगह अगर वॉशिंगटन को खिलाया होता तो मैच का नतीजा कुछ और होता। अरशद ने इस मैच में 1 ओवर किया और 21 रन लुटाए। वहीं अंतिम ओवर में उन्होंने सिर्फ 1 बॉल खेली और 1 रन बनाया।