ऑटो न्यूज़

दिवाली से पहले बड़े धमाके की तैयारी में Bajaj, Pulsar NS सहित 6 नई बाइक होंगी लॉन्च

टू व्हीलर मार्केट में बजाज दिवाली से पहले बड़े धमाके के तैयारी में है। कंपनी Pulsar NS के फेसलिफ्ट के साथ ही 6 नई बाइक लॉन्च करने जा रही है।

Image

बजाज पल्सर पर के आएंगे नए मॉडल

Bajaj Upcoming Bikes : त्योहारी सीजन के लिए बजाज ने कमर कस ली है। कंपनी के पाइपलाइन में कुल 10 बाइक लॉन्च हैं। इनमें से Pulsar N160 S, N160 SS, Pulsar 125 और Pulsar 150 को पहले ही लॉन्च कर दिया गया है। इसके अलावा 6 और बाइक दिवाली से पहले लॉन्च होनी है। आने वाले लॉन्च में Bajaj Pulsar NS रेंज के अपडेटेड मॉडल प्रमुख हो सकते हैं। इस रेंज में NS125, NS160, NS200 और फ्लैगशिप NS400Z शामिल हैं।

माना जा रहा है कि कंपनी पहले NS125 और NS160 के अपडेटेड वर्जन बाजार में ला सकती है। Pulsar NS सीरीज अपनी स्पोर्टी डिजाइन, मस्कुलर टैंक, शार्प बॉडी लाइंस और अंडरबेली एग्जॉस्ट के लिए जानी जाती है। इनमें परिमीटर फ्रेम का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बाइक की हैंडलिंग और कॉर्नरिंग क्षमता बेहतर होती है। साथ ही इन बाइक्स में रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ स्पोर्टी राइडिंग का अनुभव देने पर जोर रहता है।

Pulsar की बिक्री बनी ताकत

Bajaj की कुल घरेलू टू-व्हीलर बिक्री में Pulsar रेंज की हिस्सेदारी करीब 44% बताई गई है। खासतौर पर 125 सीसी से 200 सीसी सेगमेंट में Pulsar मॉडल कंपनी के लिए अहम हैं। जुलाई में Pulsar करीब 66,156 यूनिट बिक्री के साथ देश की टॉप बेस्टसेलिंग बाइक्स में तीसरे स्थान पर रही। इसकी बाजार हिस्सेदारी करीब 10% रही। ऐसे में कंपनी के लिए Pulsar पोर्टफोलियो को अपडेट करना बिक्री बढ़ाने की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

पहली बार ADV बाइक ला सकती है Bajaj

Bajaj के आगामी लॉन्च में सबसे दिलचस्प मॉडल नई एडवेंचर बाइक यानी ADV हो सकती है। हाल ही में इसके टेस्ट म्यूल देखे गए हैं। कंपनी इस बाइक को भारत में ब्राजील से पहले लॉन्च कर सकती है। ब्राजील में इसे क्रिसमस के आसपास पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है। नई ADV बाइक को 250 सीसी सेगमेंट में उतारे जाने की संभावना है। इसमें Pulsar N250 वाला 249 सीसी एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन इस्तेमाल किए जाने की अटकलें हैं। हालांकि, इंजन को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टेस्ट बाइक में डिजिटल टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क, रियर मोनोशॉक और हाई-माउंटेड एग्जॉस्ट जैसे फीचर्स देखे गए हैं।

उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी कंपनी

बाइक्स की बढ़ती मांग को देखते हुए Bajaj अपनी उत्पादन क्षमता भी बढ़ाने पर काम कर रही है। मौजूदा करीब 72 लाख यूनिट सालाना क्षमता को बढ़ाकर 90 लाख से ज्यादा यूनिट करने का लक्ष्य है। इसके लिए मौजूदा प्लांट का विस्तार और नई ग्रीनफील्ड फैक्ट्री, दोनों विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल रेंज में सालाना आधार पर करीब 50% की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई। Pulsar, Avenger और Dominar सीरीज में भी डबल डिजिट ग्रोथ देखने को मिली। आगामी छह लॉन्च के साथ Bajaj इस मोमेंटम को फेस्टिव सीजन में और मजबूत करना चाहती है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article