एजुकेशन

BSEB Board Exam 2027: 10वीं-12वीं डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में सुधार की तारीख बढ़ी, अब 16 सितंबर तक मौका

BSEB ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में सुधार की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब स्कूल और शिक्षण संस्थान 16 सितंबर 2026 तक छात्रों की जानकारी में जरूरी सुधार कर सकते हैं।

Image

BSEB 10th 12th Dummy Registration Card

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने 2027 में होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में सुधार की समयसीमा बढ़ा दी है। अब स्कूल और शिक्षण संस्थान 16 सितंबर 2026 तक छात्रों की जानकारी में जरूरी सुधार कर सकते हैं। इसके साथ ही छात्रों के हस्ताक्षर वाले घोषणा पत्र को भी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करना होगा। BSEB ने स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए रजिस्टर्ड सभी विद्यार्थियों के डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड की जानकारी ध्यान से जांच लें। अगर किसी छात्र के नाम, माता-पिता के नाम या दूसरी जानकारी में गलती है तो उसे संबंधित BSEB पोर्टल के माध्यम से ठीक कराया जा सकता है। इससे फाइनल रजिस्ट्रेशन और आगे जारी होने वाले बोर्ड परीक्षा के दस्तावेजों में गलतियों की संभावना कम होगी।

सुधार करने के साथ स्कूलों को छात्रों से डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड पर दिए गए घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर भी करवाने होंगे। इसके बाद इसे ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसे विद्यार्थी जिनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और परीक्षा शुल्क पहले ही जमा है, लेकिन उनका प्री-फिल्ड डिक्लेरेशन फॉर्म अभी तक अपलोड नहीं हुआ है, उनके लिए भी स्कूलों को यह प्रक्रिया 16 सितंबर तक पूरी करनी होगी।

10वीं और 12वीं के लिए अलग-अलग वेबसाइट

बिहार बोर्ड ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग पोर्टल उपलब्ध कराए हैं। कक्षा 12 के डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड से जुड़ा काम intermediate.biharboardonline.com के माध्यम से होगा, जबकि कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों को biharboardonline.org का इस्तेमाल करना होगा।

BSEB Dummy Registration Card में ऐसे करें सुधार

सबसे पहले संबंधित BSEB पोर्टल पर जाना होगा। इसके बाद स्कूल लॉगिन के विकल्प को खोलकर जरूरी लॉगिन डिटेल दर्ज करनी होगी। लॉगिन होने के बाद विद्यार्थी की पहले से भरी गई रजिस्ट्रेशन जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। स्कूल प्रशासन को सभी जानकारियों की जांच करनी होगी और जहां जरूरी हो, वहां सुधार करना होगा। इसके बाद छात्र का हस्ताक्षर किया हुआ घोषणा या रजिस्ट्रेशन फॉर्म अपलोड करना होगा। सभी जानकारी की दोबारा जांच करने के बाद बदलाव को सेव करके फाइनल सबमिट किया जा सकता है।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article