नेपाल के खिलाफ मैच में वेस्टइंडीज ने 9 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के हीरो रहे शिमरॉन हेटमायर जिन्होंने 46 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी के दम पर उन्होंने भारत के विस्फोटक विकेटकीपर ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया। चलिए जानते हैं कि वह रिकॉर्ड कौन सा है।
वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 134 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 1 विकेट खोकर 28 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। शाई होप 44 गेंद में 61 और शिमरॉन हेटमायर 32 गेंद में 46 रन बनाकर नाबाद रहे हैं।
शिमरॉन हेटमायर ने 32 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। इस पारी के दम पर उन्होंने टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हेटमायर ने यह रिकॉर्ड टी20 वर्ल्ड कप में रन बनाने के मामले में तोड़ा।
इस पारी के दम पर हेटमायर के नाम अब टी20 वर्ल्ड कप की 8 पारी में 43.33 की औसत और 144.4 की स्ट्राइक रेट से 260 रन हो गए हैं और वह ऋषभ पंत से आगे निकल गए हैं।
पंत इस बार टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में उनके नाम 15 मैच की 13 पारी में 258 रन हो गए हैं। इस दौरान पंत का बेस्ट स्कोर 42 रन है।
वेस्टइंडीज की टीम इस वर्ल्ड कप में अब तक अजेय है। उसने खेले गए तीनों मुकाबले में जीत दर्ज की है। नेपाल से पहले वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड और इंग्लैंड को हराया था।
इस वर्ल्ड कप में वह वेस्टइंडीज के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। 3 मैच की 3 पारी में हेटमायर ने 66.50 की औसत से 133 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 64 रन है।
Mar 6, 2026