क्राइम

राजस्थान में गजब खेल! बेटा पेपर लीक में मोस्ट वांटेड, पिता को मिल गया 20 करोड़ का बजरी का सरकारी ठेका

Rajasthan News: राजस्थान के मोस्ट वांटेड पेपर लीक माफिया सुरेश ढाका (Suresh Dhaka) भले ही चार साल से फरार हो, लेकिन उसके पिता को करोड़ों का ठेका आराम से मिल रहा है।

Image

सुरेश ढाका (फाइल फोटो- officialsureshdhaka)

Rajasthan News: राजस्थान से एक ऐसा मामला निकलकर सामने आया है, जिससे सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। जिस सुरेश ढाका (Suresh Dhaka) को पेपर लीक केस का मास्टर माइंड माना जाता रहा है, जिसपर एक दो नहीं बल्कि 10 पेपर लीक के केस दर्ज हैं, उसी के पिता को करोड़ों का सरकारी ठेका मिल रहा है। कहा तो ये भी जा रहा है कि उसके पिता कि ये ठेकेदारी सुरेश ढाका की काली कमाई से चल रही है। SOG अब इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है, छापे मार रही है।

पिछले चार साल से फरार है सुरेश ढाका

सुरेश ढाका सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती और सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती समेत करीब 10 परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में पिछले चार साल से फरार चल रहा है और उसपर एक लाख का इनाम भी है। सुरेश ढाका की तलाश राजस्थान पुलिस की SOG और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को लंबे समय से है। पुलिस ने महज सात दिन पहले ही उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है। लेकिन इस बीच खान विभाग और सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कब मिला सुरेश ढाका के पिता को ठेका?

सुरेश ढाका की फरारी के महज 14 महीने के भीतर ही साल 2024 में खान विभाग द्वारा उसके पिता को 20 करोड़ रुपये की बजरी की लीज दे दी गई। दिसंबर 2025 में इस ठेके को पर्यावरण और खनन संबंधी अंतिम मंजूरी भी मिल गई। इसके बाद पिछले दो महीने से ब्यावर इलाके में धड़ल्ले से खनन शुरू कर दिया गया और बजरी का एक बड़ा स्टॉक तैयार कर लिया गया। इस मामले के सामने आते ही गुरुवार को SOG की टीम ने ब्यावर में खनन स्थल पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इससे ठीक पहले SOG ने ढाका के पैतृक घर पर भी रेड डाली थी।

कहां है SOG की नजर?

SOG अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि कहीं इस 20 करोड़ रुपये के बजरी ठेके में पेपर लीक से कमाए गए काले धन को तो निवेश नहीं किया गया था? साथ ही, पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इस खनन कारोबार में ढाका परिवार के साथ और कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं।

जब ढाका के कोचिंग सेंटर पर चला था बुलडोजर

गौरतलब है कि साल 2023 में जब सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक में सुरेश ढाका का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था, तब प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की थी। जयपुर में स्थित ढाका के आलीशान कोचिंग सेंटर पर सरकार ने बुलडोजर चलाकर उसे ढहा दिया था। गिरफ्तारी न होने पर उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित है।

गोविंद सिंह डोटासरा ने बोला हमला

इस खुलासे के बाद कांग्रेस ने भजनलाल सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस मामले पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा बयान जारी किया है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article