IPL 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। मुंबई ने इस मुकाबले में पंजाब से मिले 201 रनों को सफलतापूर्वक चेज किया और इस सीजन की अपनी चौथी जीत दर्ज की। भले ही मुंबई के लिए इस सीजन प्लेऑफ की रेस समाप्त हो चुकी हो, लेकिन यह जीत उनकी आगामी सीजन के लिए मनोबल बढ़ाने वाली होगी।
इस मुकाबले का टॉस मुंबई इंडियंस के कप्तान जसप्रीत बुमराह ने जीता और पंजाब को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। पंजाब ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए और मुंबई को जीत के लिए 201 रनों का लक्ष्य दिया। पंजाब की तरफ से प्रभसिमरन सिंह इकलौते बल्लेबाज रहे, जिन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली।
पंजाब के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपने IPL करियर में कुल 3 बार एक मैच में 4 विकेट लेने का कारनामा किया है, इसमें से दो बार उन्होंने पंजाब के खिलाफ एक मैच में 4 विकेट झटकने का कारनामा किया।
पंजाब से मिले 201 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की तरफ से रोहित शर्मा रयान रिकल्टन के साथ इंपैक्ट सब के रूप में ओपनिंग करने आए। उन्होंने इस मैच में 26 गेंदों पर 25 रन बनाए। इस दौरान रोहित ने दो लंबे छक्के जड़े। हालांकि, उन्होंने इस पारी में एक भी चौका नहीं लगाया।
यह मुकाबला रोहित शर्मा के IPL करियर का 279वां मैच था। इसके साथ ही उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का महारिकॉर्ड तोड़ दिया है। IPL का 19वां सीजन शुरू होने से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में सबसे ज्यादा 278 मैच खेले थे। हालांकि, इस सीजन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और अब रोहित ने उन्हें सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
इसके साथ ही रोहित शर्मा ने IPL में सबसे ज्यादा मैच खेलने के विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब रोहित और विराट दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने IPL में सबसे ज्यादा 279-279 मैच खेले हैं। विराट कोहली ने एक दिन पहले ही केकेआर के खिलाफ 279वां मैच खेला है।
रोहित शर्मा IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने IPL में 279 मैच खेलते हुए 7314 रन बनाए हैं। वहीं IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। विराट ने IPL में 279 मैच खेलते हुए कुल 9145 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा IPL इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने अब तक 279 मैच खेलते हुए कुल 321 छक्के जड़े हैं। वहीं इस मामले में विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। विराट कोहली ने IPL में अब तक कुल 309 छक्के जड़े हैं।
Jun 14, 2026