बीसीसीआई के निर्देश के बाद यह साफ हो गया कि बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाएंगे। फिलहाल बांग्लादेश प्रीमियर लीग खेलने वाले मुस्तफिजुर रहमान इस बार कोलकाता नाईट राइडर्स की ओर से उतरने वाले थे, लेकिन अब वह ऐसा नहीं कर पाएंगे सवाल होता है कि कोलकाता किसे मुस्तफिजुर के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल करेगी। इस रेस में 3 नाम हैं। चलिए उनके बारे में एक-एक कर जानते हैं।
मुस्तफिजुर रहमान के सबसे अच्छे रिप्लेसमेंट की बात करें तो ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन उनके लाइक टू लाइक रिप्लेमेंट हैं। स्पेंसर जॉनसन ने मिनी ऑक्शन में खुद को 1.5 करोड़ के बेस प्राइस पर रजिस्टर किया था। एक बार फिर से कोलकाता उन्हें शामिल कर सकती है।
कोलकाता के पास रिप्लेसमेंट के तौर पर दूसरा विकल्प वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ हैं। जोसेफ मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। ड्वेन ब्रावो केकेआर के मेंटॉर हैं और ऐसे में अल्जारी जोसेफ को वह टीम में शामिल करवा सकते हैं। आईपीएल के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल (6/12) का रिकॉर्ड रखने वाले अल्ज़ारी ने 22 आईपीएल मैचों में 21 विकेट लिए हैं। वे मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं।
केकेआर के पास तीसरा विकल्प उमेश यादव का है। अनुभवी खिलाड़ी उमेश यादव पहले भी दो बार केकेआर के साथ खेल चुके हैं। वे गौतम गंभीर की अगुवाई वाली उस टीम का हिस्सा थे जिसने आईपीएल 2014 जीता था। उन्होंने आईपीएल 2022 में 12 मैचों में 16 विकेट लिए। उमेश आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में 1.50 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर शामिल हुए थे।
जिस तरह से बीसीसीआई ने बांग्लादेश के खिलाड़ी के खिलाफ एक्शन लिया है, उसको देखते हुए अब दोबारा उनके आईपीएल खेलने की गुंजाइश कम ही नजर आती है। 2016 में अपना आईपीएल डेब्यू करने वाले मुस्तफिजुर दुनिया भर के टी20 लीग खेलते रहे हैं।
मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद सहित 5 टीमों के लिए आईपीएल में धमाल मचा चुके हैं। हैदराबाद के अलावा मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और सीएसके के लिए खेल चुके मुस्तफिजुर रहमान ने 60 मैचों में 65 विकेट चटकाए हैं।
मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन अब यह रकम उन्हें नहीं मिलेगी। नियमों के मुताबिक, अगर बीसीसीआई किसी खिलाड़ी को क्रिकेट के अलावा किसी दूसरी वजह से बाहर करने का निर्देश देती है, तो उस खिलाड़ी पर खर्च की गई पूरी रकम फ्रेंचाइजी को वापस मिल जाती है। इस स्थिति को 'फोर्स मेज्योर' कहा जाता है।