Mumbai vs Chennai IPL 2026: मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आईपीएल 2026 की सबसे पुरानी और सबसे दिलचस्प प्रतिद्वंद्विता अब एक बार फिर गुरुवार को शाम 7:30 बजे से दर्शकों के सामने होगी। सबसे ज्यादा 5-5 बार आईपीएल खिताब जीतने वाली इन दो टीमों का आमने-सामने का इतिहास व आंकड़े कैसे रहे हैं, कौन कितनी बार जीता और हारा है, यहां जानेंगे।
आईपीएल शुरू हुए 19 साल हो चुके हैं। ऐसा नहीं है कि शुरुआत से ही मुंबई और चेन्नई की टीमों के बीच में होने वाली टक्कर को टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच माना जाता था। इस शोर ने तब ज्यादा जोर पकड़ा जो दोनों टीमों ने पांच-पांच बार आईपीएल खिताब जीत लिया और दोनों संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमें बन गईं।
चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल इतिहास का पहला मुकाबला साल 2008 में टूर्नामेंट के पहले सीजन में हुआ था। उस संस्करण के आठवें मैच में चेन्नई के मैदान पर सीएसके धोनी की कप्तानी में उतरी थी, जबकि मुंबई की टीम हरभजन सिंह की कप्तानी में खेली थी।
साल 2008 के पहले आईपीएल में जब पहली बार चेन्नई और मुंबई की टीमें एमए चिदंबरम स्टेडियम में टकराई थीं तब उस मैच में चेन्नई ने मैथ्यू हेडन के 81 रन और सुरेश रैना के 53 रनों के अलावा कप्तान धोनी की 16 गेंदों में 30 रनों की पारी के बदौलत 5 विकेट पर 208 रन बनाए थे। जवाब में उतरी मुंबई की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोते हुए 202 रन पर अटक गई थी और वो मैच चेन्नई ने 6 रन से जीत लिया था।
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 39 मुकाबले खेले जा चुके हैं। ये मुकाबले 2008 से 2025 के बीच हुए, जिसमें दो साल घटा दिए जाएंगे जब चेन्नई की टीम पर दो साल का प्रतिबंध लगा था।
चेन्नई और मुंबई के बीच अब तक खेले गए 39 आईपीएल मुकाबलों में 21 बार मुंबई इंडियंस ने जीत हासिल की है। जबकि, चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 मैचों में मुंबई को हराया है। दोनों टीमों की जीत का अंतर सिर्फ 3 मैचों का है।
आईपीएल 2026 में जब गुरुवार (23 April 2026) को मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमें टकराएंगी तो फैंस की नजरें कुछ खास खिलाड़ियों पर रहेंगी। चेन्नई के लिए मैथ्यू शॉर्ट, डेवाल्ड ब्रेविस, कप्तान रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, नूर अहमद और जेमी ओवर्टन से सबसे ज्यादा उम्मीदें रहेंगी और अगर धोनी खेले तो सबका ध्यान फिर उन पर ही रहेगा। दूसरी तरफ, मुंबई इंडियंस के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ-साथ पिछले मैच में सेंचुरी बनाने वाले तिलक वर्मा, रोहित शर्मा (अगर फिट हुए), सूर्यकुमार यादव और इंग्लैंड के विल जैक्स जो अब मुंबई पलटन के साथ जुड़ गए हैं और चेन्नई के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं।