मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में धमाकेदार बल्लेबाजी की। लखनऊ ने अपना पहला विकेट तीसरे ओवर में ही गंवा दिया था, जब जोश इंग्लिश 13 रन बनाकर अल्लाह गजनफर का शिकार बने।
इसके बाद निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने धुआंधार बल्लेबाजी करनी शुरू की। दोनों ने मुंबई के सारे गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। जहां लखनऊ का स्कोर 3 ओवर में सिर्फ 30 रन था, वहीं पावरप्ले के 6 ओवर में यह स्कोर पहुंचकर 90 रन हो गया।
इसके साथ ही ऋषभ पंत की टीम ने इतिहास रच दिया। ऐसा IPL में पहले कभी नहीं हुआ था। यह पहली बार है जब LSG की टीम ने पावरप्ले में 90 का स्कोर बनाया। पावरप्ले में यह लखनऊ के IPL इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने मुंबई के खिलाफ शुरुआत के 6 ओवरों में 1 विकेट खोकर 90 रन बनाए। यह LSG का IPL इतिहास में पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले लखनऊ का पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर 80 रन है, जो उसने साल 2023 में सीएसके के खिलाफ बनाया था।
इसके अलावा यह स्कोर मुंबई इंडियंस के खिलाफ पावरप्ले में बनाए गए सबसे बड़े स्कोर की लिस्ट में चौथे नंबर पहुंच गया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर (92 रन) बनाने का रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के नाम है, जो उसने साल 2024 में किया था।
इस मैच में लखनऊ के बल्लेबाज निकोलस पूरन ने मात्र 16 गेंदों में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। उन्होंने मात्र 21 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने मात्र 1 चौका और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए।
निकोलस पूरन लखनऊ के लिए सबसे तेज फिफ्टी बनाने के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए। इससे पहले वह एलएसजी के लिए 15 गेंदों में हाफ सेंचुरी जड़ चुके हैं। उन्होंने साल 2023 में आरसीबी के खिलाफ 15 गेंदों में पचासा मारा था।
इससे पहले मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर लखनऊ को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। जिसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 228 रनों का पहाड़ स्कोर खड़ा किया।