भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। टीम इंडिया अगर इस मुकाबले को जीतने में कामयाब हो गई तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वाइंट्स टेबल में टॉप-4 में पहुंच जाएगी। लेकिन यह आसान नहीं होगा। टीम इंडिया को अगर कोलंबो में जीत के सिलसिले को जारी रखना है तो उसे 5 ट्रंप कार्ड की जरूरत होगी। चलिए जानते हैं टीम इंडिया को उन 5 मैच विनर के बारे में जो श्रीलंका के खिलाफ सूपड़ा साफ करने में टीम इंडिया की मदद कर सकते हैं।
श्रीलंका के कंडीशन को अगर किसी भारतीय बल्लेबाज ने सबसे सटीक तरीके से अपनाया है तो वो हैं देवदत्त पडिक्कल। नंबर 3 की पोजीशन किसी भी टीम के लिए सबसे अहम होती है और साई सुदर्शन की अनुपस्थिति में पडिक्कल ने कमाल का काम किया है। गॉल टेस्ट में 167 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित करने वाले पडिक्कल अगर अपने फॉर्म को जारी रख पाए तो टीम इंडिया को जीत से कोई नहीं रोक पाएगा।
गॉल में केएल राहुल का ट्रेलर देखने को मिला था। 82 रन की उनकी पारी भले ही देवदत्त के सामने दब गई हो, लेकिन दूसरे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी को नकारा नहीं जा सकता है। कोलंबो में जीत दर्ज करने के लिए राहुल को अहम पारी खेलनी होगी और वह टीम मैनेजमेंट के भरोसे पर खरे उतर सकते हैं।
गॉल टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल संघर्ष करते नजर आए थे। लेकिन इस कारण उन्हें मैच विनर में कंसिडर ना करना ठीक नहीं है। अगर कोलंबो में गिल का बल्ला चला तो टीम इंडिया को बड़ी पारी बनाने से कोई नहीं रोक सकता है और अगर ऐसा हुआ तो श्रीलंका टीम को दबाव में लाकर जीत दर्ज करना आसान हो जाएगा।
अगर आपकी टीम में ऋषभ पंत हैं तो वह किसी भी परिस्थिति में मैच का रुख बदलने का माद्दा रखते हैं। गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की थी वो काबिले तारीफ थी। अगर वह इस फॉर्म को कोलंबो में जारी रख पाए तो टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहेगा।
गॉल टेस्ट में सबको कुलदीप और जडेजा से उम्मीदें थी, लेकिन मानव सुथार ने जिम्मेदारी संभाली और मैच विनिंग स्पेल डाला। उन्होंने पहली पारी में 4 जबकि दूसरी पारी में 6 विकेट झटके और जीत में अहम भूमिका निभाई। सुथार पर कोलंबो में भी बड़ी जिम्मेदारी रहेगी।