रक्षाबंधन पर इस बार सिर्फ राखी और मिठाई तक क्यों रुकें? बहन के साथ एक छोटी ट्रिप प्लान करें। दिल्ली-NCR के आसपास पहाड़, नदी, जंगल, महल और मंदिरों वाली ऐसी जगहें हैं, जहां वीकेंड मजेदार और यादगार बनाया जा सकता है।
रक्षाबंधन पर लॉन्ग वीकेंड पड़ रहा है, ऐसे में राखी बांधने के साथ भाई-बहनों के साथ शानदार सी ट्रिप पर जा सकते हैं। इसके लिए दिल्ली एनसीआर के पास आप शिमला जाने की प्लानिंग कर सकते हैं।
अगर भाई-बहन की जोड़ी को थोड़ा रोमांच पसंद है, तो ऋषिकेश बढ़िया विकल्प है। गंगा किनारे बैठकर बातें करने से लेकर आसपास की एडवेंचर एक्टिविटीज तक, यहां ट्रिप का मूड बोरिंग नहीं होगा। दिल्ली से सड़क के रास्ते यह लगभग 4-5 घंटे का सफर हो सकता है।
शहर की भागदौड़ से ब्रेक चाहिए तो लैंसडाउन का शांत माहौल अच्छा लग सकता है। यहां घूमने से ज्यादा मजा कभी-कभी रास्ते में होने वाली बातचीत में आता है। भाई-बहन पुराने स्कूल के किस्से निकालें, पहाड़ी नजारों का मजा लें और खूब फोटो खींचें। दिल्ली से यह करीब पांच घंटे का रोड ट्रिप विकल्प है।
अगर आपको पहाड़ों के बजाय इतिहास और शाही माहौल पसंद है, तो नीमराना चुन सकते हैं। दिल्ली से लगभग 2-3 घंटे की दूरी वाला यह विकल्प छोटी ट्रिप के लिए सुविधाजनक है। किले की विरासत और आसपास का माहौल भाई-बहन की एक अलग तरह की याद बना सकता है।
क्या आपने कभी भाई या बहन के साथ जंगल ट्रिप की है? अगर नहीं, तो सरिस्का पर विचार किया जा सकता है। यहां वाइल्डलाइफ के अलावा झील, ऐतिहासिक जगहें और शांत माहौल भी देखने को मिलता है। प्रकृति पसंद करने वालों के लिए यह सामान्य शहर वाली आउटिंग से बिल्कुल अलग अनुभव हो सकता है।
भाई-बहन अगर मंदिरों, लोकल फूड और पुराने शहरों की गलियों का मजा लेना चाहते हैं तो मथुरा-वृंदावन अच्छा विकल्प है। दर्शन के बाद स्थानीय मिठाइयां और स्ट्रीट फूड ट्राय करना ट्रिप का मजेदार हिस्सा बन सकता है।
थोड़ा लंबा रोड ट्रिप करने का मूड है तो जयपुर का प्लान बनाया जा सकता है। किले, बाजार, राजस्थानी खाना और शाम की घूमने वाली जगहें मिलकर ट्रिप को फुल पैकेज बना देती हैं। भाई-बहन की जोड़ी के लिए यहां घूमने और शॉपिंग दोनों का स्कोप है।