टी20 क्रिकेट में बहुत से खिलाड़ी आए और गए लेकिन अफगानिस्तान के राशिद खान ने जिस रफ्तार से अपने कदम आगे बढ़ाए, वैसा शायद ही किसी ने किया। अब अफगानिस्तान के इस जादुई स्पिनर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया इतिहास रचा है। अफगानिस्तान और यूएई के बीच टी20 ट्राई सीरीज के मैच में क्या कुछ हुआ और राशिद ने कैसे सुर्खियां बटोरीं, सब कुछ आपको बताते हैं।
एशिया कप 2025 से पहले पाकिस्तान, अफगानिस्तान और मेजबान यूएई के बीच खेली जा रही टी20 अंतरराष्ट्रीय ट्राई सीरीज के तीसरे मुकाबले में अफगानिस्तान और यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) की टक्कर हुई। इस मैच में मेजबान यूएई की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को गुरबाज के रूप में 16 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया था, लेकिन इसके बाद सदिकुल्लाह अटल और इब्राहिम जादरान ने जोरदार बल्लेबाजी की। सदिकुल्लाह ने 54 रनों की पारी खेली जबकि जादरान ने 40 गेंदों में 63 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के दम पर अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 188 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में उतरी यूएई टीम को भी पहला झटका 15 रन पर लग गया था लेकिन इसके बाद उनके कप्तान व ओपनर मुहम्मद वसीम ने कमाल की बल्लेबाजी की। वसीम ने 37 गेंदों में 67 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 जोरदार छक्के और 4 चौके शामिल रहे।
यूएई के लिए खेल रहे भारतीय मूल के विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल चोपड़ा ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 35 गेंदों में नाबाद 52 रनों की शानदार पारी को अंजाम दिया। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 3 चौके शामिल थे। वो अंत तक टिके थे लेकिन अफगानी गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के आगे यूएई अंत में पस्त हुआ। यूएई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 150 रन ही बना सकी और 38 रन से मैच गंवा दिया।
अफगानिस्तान की तरफ से इस दौरान गेंदबाजी में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे शराफुद्दीन अशरफ ने 24 रन देकर 3 विकेट झटके और वो प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। जबकि कप्तान राशिद खान ने 21 रन देकर 3 विकेट लिए।
अफगानिस्तान के कप्तान और दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने अपने इन तीन विकेटों के साथ एक नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। वो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेटों का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउथी के नाम दर्ज था जिन्होंने अपने टी20 करियर में 164 विकेट लिए थे। अब राशिद खान के 165 विकेट हो गए हैं और वो साउथी से आगे निकल चुके हैं।