दुनिया की सबसे ऊंची मशीन जाहिर सी बात है कि किसी पहाड़ी इलाके में ही होगी लेकिन यह कहां है? इसका अनुमान अगर आप लगाएं तो आपके दिमाग में भारत, चीन और कई बड़े देशों के नाम आएंगे लेकिन असल में यह कहां है? इसका जवाब सुनकर यकीनन आप दंग रह जाएंगे और आपने कभी यह सोचा भी नहीं होगा कि इस देश में भी ऐसी अद्भुत सुविधा मिल सकती है।
बता दें कि दुनिया की सबसे ऊंचाई पर मौजूद ATM मशीन पाकिस्तान में लगी हुई है। यह ATM चीन की सीमा के पास स्थित मशहूर खुंजेराब दर्रे (Khunjerab Pass) के करीब है। समुद्र तल से इस ATM मशीन की ऊंचाई करीब 4,693 मीटर (लगभग 15,400 फीट) है। इसी वजह से इसे दुनिया का सबसे ऊंचाई पर बना ATM माना जाता है।
यह ATM पाकिस्तान के नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान (NBP) ने साल 2016 में लगाया था। इस जगह पर तापमान कई बार शून्य से काफी नीचे चला जाता है और सर्दियों में भारी बर्फबारी भी होती है। ऐसे कठिन मौसम में भी यह ATM लोगों की जरूरत पूरी करता है।
अब सवाल यह है कि इतनी ऊंचाई पर ATM लगाने की जरूरत क्यों पड़ी? दरअसल, खुंजेराब दर्रा पाकिस्तान और चीन को जोड़ने वाले कराकोरम हाईवे पर स्थित है। यहां सीमा सुरक्षा में तैनात जवान, सीमा पर काम करने वाले कर्मचारी, स्थानीय लोग और इस इलाके में आने वाले पर्यटक पहुंचते हैं। पहले लोगों को पैसे निकालने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। इसी परेशानी को देखते हुए यहां ATM लगाया गया।
इस ATM की सबसे खास बात यह है कि यह सोलर और विंड एनर्जी की मदद से भी काम कर सकता है। ऊंचे पहाड़ों और खराब मौसम वाले इलाके में बिजली की सप्लाई हमेशा आसान नहीं होती, इसलिए इसे ऐसी तकनीक से तैयार किया गया ताकि जरूरत पड़ने पर भी इसकी सेवाएं जारी रह सकें।
दुनिया में कई अनोखी जगहों पर ATM मशीनें लगी हैं, लेकिन इतनी ऊंचाई पर काम करने वाला यह दुनिया का इकलौता ATM है। खुंजेराब दर्रा अपने आप में भी बेहद खास जगह है। यह दुनिया के सबसे ऊंचे अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर क्रॉसिंग पॉइंट्स में गिना जाता है।
हर साल हजारों पर्यटक यहां की बर्फ से ढकी चोटियों, शानदार पहाड़ों और खूबसूरत नजारों को देखने आते हैं। यही वजह है कि यह ATM भी लोगों के लिए किसी अजूबे से कम नहीं है। कई लोग यहां सिर्फ पैसे निकालने के लिए नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे ऊंचे ATM के साथ तस्वीर खिंचवाने भी पहुंचते हैं।