पृथ्वी पर एक विशालकाय एस्टेरॉयड का खतरा मंडरा रहा है। साल 2024 में इस एस्टेरॉयड के पृथ्वी से टकराने की संभावनाओं को इंकार कर दिया गया था, लेकिन आगामी भविष्य को लेकर वैज्ञानिकों ने तरह-तरह की स्टडी की है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के मुताबिक, पृथ्वी से टकराने की संभावना वाले एस्टेरॉयड का नाम 2007 एफटी3 एस्टेरॉयड है जिसे साल 2007 में कुछ समय के लिए देखा गया था और फिर यह नजरों से ओझल हो गया।
2007 एफटी3 एस्टेरॉयड को पृथ्वी के लिए संभावित खतरा माना जाता है, लेकिन नासा ने 300 मीटर वाली आसमानी चट्टान के इस साल पृथ्वी से टकराने की संभावना को खारिज कर दिया।
भले ही इस साल एस्टेरॉयड के पृथ्वी से टकराने की संभावना लगभग समाप्त हो चुकी हो, लेकिन साल 2030 में यह पृथ्वी से टकरा सकता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एस्टेरॉयड के पृथ्वी से टकराने की संभावना लगभग एक करोड़ में एक है।
54 मिलियन टन वजनी एस्टेरॉयड को 'खोए हुए एस्टेरॉयड' की श्रेणी में डाल दिया गया, क्योंकि इस एस्टेरॉयड को वैज्ञानिक 2007 के बाद खोज नहीं पाए हैं।
बकौल नासा, अगली सदी में पृथ्वी पर एस्टेरॉयड्स के प्रभाव का कोई ज्ञात खतरा नहीं है। नासा और उसके साझेदार एस्टेरॉयड्स और NEOs को खोजने, ट्रैक करने के कामों में जुटे हुए हैं, जिनमें पृथ्वी के करीब आने वाले पिंड भी शामिल हैं।