क्रिकेट

क्या एशेज के लिए होगी बेन स्टोक्स की वापसी? स्टीफन फ्लेमिंग ने दिया दो टूक जवाब

इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स की एशेज के लिए संन्यास से वापसी को लेकर दो टूक बयान दिया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

बेन स्टोक्स और स्टीफन फ्लेमिंग (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Varified)

लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के नए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के कमान संभालने के बाद से पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स की इंग्लैंड की टेस्ट टीम में वापसी को लेकर अटकलें लगने लगी थीं। माना जा रहा था कि स्टोक्स पूर्व कीवी कप्तान फ्लेमिंग स्टोक्स को वापसी के लिए मना सकते हैं। लेकिन उन्होंने इससे उलट बयान दिया है। फ्लेमिंग ने कहा है कि बेन स्टोक्स से अगले साल होने वाली एशेज सीरीज के लिए संन्यास से वापसी करने के लिए कहना गलत होगा।

स्टोक्स ने अचानक किया संन्यास का ऐलान

स्टोक्स ने इस साल जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड की हार के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान अचानक कर दिया था। सीरीज में इंग्लैंड को 1-2 के अंतर से हार का मुंह देखना पड़ा था। टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद 35 वर्षीय स्टोक्स अभी भी डरहम के लिए काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने बिग बैश लीग के आगामी सीजन में एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ समझौता किया है।

संन्यास के फैसले से खुश हैं स्टोक्स

स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड पहुंचने के तुरंत बाद बेन स्टोक्स से मिले थे। इस मुलाकात के बाद स्टोक्स ने वापसी की संभावनाओं को खारिज कर दिया था। चेन्नई सुपर किंग्स में स्टोक्स के साथ काम कर चुके फ्लेमिंग ने कहा,'मैं डरहम गया और बेन से बात की, जो कि अच्छी रही। संन्यास के बाद वे सच में खुश हैं और अपने फैसले से पूरी तरह संतुष्ट लग रहे थे। मैंने बेन के साथ काफी काम किया है। हमारा रिश्ता बहुत अच्छा है, वह जो कर रहे हैं, उससे वह सच में खुश और सहज हैं।'

स्टोक्स से पुनर्विचार करने को नहीं कहेंगे

बीबीसी से बात करते हुए फ्लेमिंग ने जोर देकर कहा कि वह स्टोक्स से संन्यास के फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा,'मैं उनके फैसले का बहुत सम्मान करता हूं। उसे बदलने की कोशिश करना और उस पर सवाल उठाना गलत है।'

बेहतर कर सकती है इंग्लैंड की टीम

इंग्लैंड की टीम के बारे में योजनाओं पर चर्चा करते हुए फ्लेमिंग ने कहा, उनकी महत्वाकांक्षा इंग्लैंड को रैंकिंग में छठे स्थान से वापस शीर्ष पर ले जाना है, जैसा कि 2012 के बाद से नहीं हुआ है, और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में उनके खराब रिकॉर्ड को बेहतर बनाना है। फ्लेमिंग ने कहा, 'मैं दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम का कोच बनना पसंद करूंगा। इस टीम के लिए कुछ बहुत अच्छे पल रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अभी और भी बहुत कुछ किया जा सकता है।'

बड़े इवेंट्स को जीतने की करेंगे कोशिश

WTC के इतिहास में इंग्लैंड कभी भी तीनों फाइनल में से किसी के भी करीब नहीं पहुंच पाया है और अगले साल ओवल में होने वाले बड़े मैच के लिए उनके क्वालिफाई करने की संभावना भी कम है। फ्लेमिंग ने कहा, इंग्लैंड इससे कहीं बेहतर कर सकता है। अगर यह वर्ल्ड क्रिकेट की सबसे अहम ट्रॉफी में से एक है, तो हम इसे और दूसरे बड़े इवेंट्स को जीतने की कोशिश क्यों नहीं करेंगे?'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article