आयुर्वेद के अनुसार, ताजा एलोवेरा जेल में थोड़ी सी हल्दी मिलाकर बनाया गया फेस पैक त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
इस पेस्ट को चेहरे पर कुछ देर लगाकर रखने और फिर गुनगुने पानी से धो लेने पर त्वचा में साफ फर्क नजर आने लगता है। नियमित रूप से हफ्ते में 2–3 बार इस्तेमाल करने पर दाग-धब्बे हल्के पड़ते हैं, त्वचा में नमी बनी रहती है और चेहरे पर प्राकृतिक चमक लौट आती है।
एलोवेरा और हल्दी दोनों ही त्वचा की देखभाल के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं। ये दोनों मिलकर ऐसा प्रभावी फेस पैक बनाते हैं, जो कई महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट्स को भी पीछे छोड़ सकता है।
एलोवेरा और हल्दी का मिश्रण त्वचा को भीतर तक पोषण देता है और उसकी रंगत को निखारता है। एलोवेरा जेल में विटामिन A, C और E के साथ-साथ भरपूर एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो त्वचा को हाइड्रेट रखते हैं, सूजन कम करते हैं और जलन से राहत दिलाते हैं।
यह घरेलू फेस पैक त्वचा को डिटॉक्स करता है, डेड स्किन हटाने में मदद करता है और पोर्स को साफ करता है। साथ ही सनबर्न, डार्क स्पॉट्स, हाइपरपिगमेंटेशन और बढ़ती उम्र के असर को भी कम करने में सहायक होता है।
वहीं हल्दी में मौजूद करक्यूमिन तत्व एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है, जो मुंहासों, दाग-धब्बों और झुर्रियों को कम करने में मदद करता है।
इस पैक को बनाना बेहद आसान है। दो चम्मच ताजा एलोवेरा जेल लें, उसमें आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं। चाहें तो एक चम्मच शहद या दही भी मिला सकते हैं। पेस्ट को अच्छे से मिलाकर साफ चेहरे पर 10–15 मिनट लगाएं और फिर गुनगुने पानी से धो लें।