त्योहारों में जब बात मिठाइयों की आती है, तो हमारे सामने ढेरों विकल्प होते हैं - गुलाब जामुन, रसगुल्ला, जलेबी, लड्डू और केक-पेस्ट्री। लेकिन इन सबके बीच मोदक का स्थान हमेशा अलग और खास रहा है। खासकर गणेश चतुर्थी के समय मोदक को न केवल भगवान गणेश का प्रिय प्रसाद माना जाता है, बल्कि इसे सेहत के लिहाज से भी बेहतर मिठाई माना जाता है। असली वजह है इसके पारंपरिक, प्राकृतिक और पौष्टिक तत्व। आइए जानते हैं क्यों मोदक को हेल्दी स्वीट डिश कहा जाता है।
उकडीचे मोदक (steamed modak) मुख्य रूप से चावल के आटे, गुड़ और नारियल से तैयार होता है। ये सभी सामग्री प्राकृतिक और कम प्रोसेस्ड होती हैं। इसके उलट, ज्यादातर आधुनिक मिठाइयों में मैदा, रिफाइंड शुगर और हाइड्रोजेनेटेड फैट्स इस्तेमाल होते हैं, जो शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं।गणेश चतुर्थी की संपूर्ण जानकारी यहां देखें
मोदक की सबसे बड़ी खासियत है कि इसे गुड़ (jaggery) से मीठा किया जाता है। गुड़ में आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह रिफाइंड चीनी की तरह तुरंत ब्लड शुगर नहीं बढ़ाता बल्कि धीरे-धीरे असर करता है, जिससे मेटाबॉलिज्म पर कम दबाव पड़ता है।
मोदक की स्टफिंग में इस्तेमाल होने वाला ताजा नारियल इसमें हेल्दी फैट्स, फाइबर और मिनरल्स जोड़ता है। नारियल में मौजूद MCTs (मीडियम चेन ट्राइग्लिसराइड्स) हृदय के लिए फायदेमंद हैं और शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करते हैं। यह ट्रांस फैट वाली मिठाइयों से कहीं बेहतर विकल्प है।
ज्यादातर मिठाइयां डीप फ्राई या भारी घी-चाशनी में तैयार होती हैं। इसके विपरीत, उकडीचे मोदक को भाप में पकाया जाता है, जिससे इसमें तेल और अतिरिक्त कैलोरी नहीं जुड़ती। भाप से पकाने पर पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं और यह आसानी से पच भी जाता है।
आयुर्वेद में मोदक को सात्विक भोजन माना गया है। इसमें गुड़ + नारियल + चावल का मिश्रण है जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है, पाचन में मदद करता है और मीठा खाने की इच्छा को प्राकृतिक तरीके से पूरा करता है। इसी कारण यह त्योहारों पर प्रसाद के रूप में सबसे खास मिठाई मानी जाती है।
अगर मिठाई की बात करें तो मोदक न केवल धार्मिक दृष्टि से खास है बल्कि सेहत के नजरिए से भी बाकी मिठाइयों से बेहतर है। इसमें कम रिफाइंड शुगर, ज्यादा मिनरल्स, हेल्दी फैट्स और फाइबर होते हैं। खासतौर पर स्टीम्ड को रोजमर्रा की मिठाई से बेहतर विकल्प माना जा सकता है। लेकिन ध्यान रहे कि यह भी सीमित मात्रा में ही खाएं, तभी इसके फायदे सही मायनों में मिलेंगे।
प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।