क्रिकेट

Women's Asia Cup 2026: बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से पहले शेफाली वर्मा में भरी जीत की हुंकार

बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार को दुबई में खेले जाने वाले महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भारत की आतिशी सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने हुंकार भरते हुए कहा है कि अबतक नाकाम रहा टीम का मिडिल ऑर्डर इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करेगा।

Image

शफाली वर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic)

दुबई: भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने बुधवार को भरोसा जताया कि गुरुवार को महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ टीम का मध्यक्रम अच्छा प्रदर्शन करेगा। उन्होंने साथ ही कहा कि पिछले कुछ मैच में कम स्कोर बनना महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले चिंता का विषय नहीं होना चाहिए। पिछले तीन मैच में भारत का मध्यक्रम रन बनाने के लिए संघर्ष करता नजर आया है, लेकिन शेफाली ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

भारत को तैयारी के लिए मिले चार दिन

शेफाली ने कहा,'मैं कहूंगी कि कुछ दिन खराब रहे हैं। लेकिन वे सभी बहुत अच्छी खिलाड़ी और बेहतरीन बल्लेबाज हैं। भारती (फुलमाली) और ऋचा (घोष) की बात करें तो वे दोनों बहुत अच्छी ’फिनिशर’ हैं और मध्यक्रम में भी शानदार काम कर रही हैं। इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि वे हमारी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगी।' भारत को सेमीफाइनल की तैयारी के लिए चार दिन का समय मिला। शेफाली ने कहा कि इस ब्रेक से खिलाड़ियों को थकान से अच्छी तरह उबरने और अभ्यास करने में मदद मिली। उन्होंने कहा,'हमने अच्छी तैयारी की है। हमें चार दिन का ब्रेक मिला और इन दिनों हमने अच्छी तरह ’रिकवरी’ की और अभ्यास भी किया। इसलिए हम सभी सेमीफाइनल के लिए तैयार हैं।'

बांग्लादेश के खिलाफ शानदार रहा है शेफाली का प्रदर्शन

हाल के दिनों में बांग्लादेश के खिलाफ शेफाली का प्रदर्शन यादगार रहा है और अब वह सेमीफाइनल में एक बार फिर इसी प्रतिद्वंद्वी का सामना करेंगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या पिछले अच्छे प्रदर्शन से उन्हें अतिरिक्त आत्मविश्वास मिलेगा तो शेफाली ने कहा कि वह उन पारियों से मिले आत्मविश्वास को जरूर साथ रखेंगी, लेकिन मैच में नए सिरे से शुरुआत करेंगी। उन्होंने कहा,'एक बल्लेबाज के तौर पर जब भी मैं बल्लेबाजी करने जाती हूं, तो सब कुछ शून्य से शुरू होता है। लेकिन पिछली पारी से जो चीज मेरे साथ आती है, वह आत्मविश्वास है। मैं उस आत्मविश्वास को साथ लेकर फिर से शून्य से शुरुआत करूंगी।'

कप्तान करेंगे एकादश में बदलाव का फैसला

भारत की अंतिक एकादश में बदलाव की संभावना के बारे में शेफाली ने कहा कि इसका फैसला कप्तान हरमनप्रीत कौर करेंगी। उन्होंने कहा,'मैं कप्तान नहीं हूं इसलिए इसका फैसला कप्तान ही करेंगी। मैं बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करती हूं।' दुबई की परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाजों को कुछ मदद मिल रही है, लेकिन शेफाली का मानना है कि भारतीय खिलाड़ी इन परिस्थितियों से परिचित हैं। उन्होंने कहा,'हां, बिल्कुल। यहां की परिस्थितियां भारत जैसी ही हैं इसलिए हम सभी इन्हें जानते हैं। विकेट पर थोड़ी टर्न है। हम सभी इसके लिए तैयार हैं और मैं भी परिस्थितियों को समझती हूं। इसलिए मैं मैदान पर जाऊंगी, अपना समय लूंगी और खेल का आनंद लेने की कोशिश करूंगी।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article