Urfi Javed Visits Police Station At 5:00 AM, Reveals Scariest Moment: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस उर्फी जावेद ने अपने अंदाज से सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उर्फी जावेद अक्सर अपने ड्रेसिंग सेंस के कारण सुर्खियों में रहती हैं। जल्द ही उर्फी जावेद 'स्प्लिट्जविला 16' में नजर आएंगी। लेकिन हाल ही में उर्फी जावेद के साथ एक अजीबों-गरीब घटना हुई। एक्ट्रेस ने बताया कि आधीरात में कोई शख्स लगातार उनके घर की बेल बजा रहा था। इस घटना के कारण उर्फी जावेद सुबह 5 बजे ही पुलिस थाने भी पहुंच गईं। वहीं उर्फी जावेद की बहन डॉली जावेद का कहना है कि इस घटना के कारण उन्हें घिन आ रही है।
उर्फी जावेद ने ई-टाइम्स संग बातचीत में बताया कि 22 दिसंबर की रात करीब 3.30 बजे एक अंजान इंसान उनके घर की बेल बजा रहा था। उस शख्स ने लगातार 10 मिनट तक घर की बेल बजाई। लेकिन बाद में उर्फी जावेद को पता चला कि वह शख्स अकेला नहीं बल्कि वे दो लोग थे जो घर के बाहर थे।
उर्फी जावेद ने इस बारे में बात करते हुए कहा, "मैंने उन लोगों से कहा कि ये सब मत करो। लेकिन उन्होंने रुकने से साफ इंकार कर दिया। जब मैंने उन्हें चेतावनी दी कि मैं पुलिस को बुला रही हूं, तब जाकर वे गए।"
उर्फी जावेद ने बताया कि पुलिस के आने के बाद भी उन दोनों शख्स का बर्ताव बिल्कुल नहीं बदला। एक्ट्रेस ने कहा, "हमने पुलिस को बुलाया, लेकिन उन लोगों ने हमारे साथ और पुलिस के साथ भी बुरा बर्ताव किया। वो बहुत रूड थे और लगातार कह रहे थे 'निकल' 'निकल।' उन्होंने अपने किये से बिल्कुल ही इंकार कर दिया।" उर्फी जावेद ने बताया कि वे दोनों ही शख्स उसी बिल्डिंग के रहने वाले थे।
उर्फी जावेद ने बताया कि ये अनुभव उनके लिए बहुत भयानक था। एक्ट्रेस ने कहा, "जब कोई आधीरात के 3 बजे आए और एक लड़की से दरवाजा खोलने के लिए कहे और जाने से मना कर दे तो ये बहुत डराने वाला होता है। खासकर तब, जब लड़कियां अकेले रहती हों और ये स्थिति बहुत डराने वाली है।"
उर्फी जावेद ने मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। एक्ट्रेस ने बताया कि इस घटना के बाद वह बिल्कुल भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उर्फी ने कहा, "मैं ये जानना चाहती हूं कि उन लोगों के खिलाफ क्या एक्शन लिया जाएगा।"
उर्फी जावेद ने इंस्टाग्राम पर भी पुलिस थाने की तस्वीर साझा की। उन्होंने कहा, "सुबह के पांच बज रहे हैं और मैं पुलिस थाने में हूं। मेरा ये अब तक का सबसे डरावना अनुभव रहा है। मैं और मेरी बहनें एक पल के लिए भी नहीं सोए हैं।"