एंटरटेनमेंट की दुनिया में आज साउथ से लेकर बॉलीवुड और टीवी तक कई बड़ी खबरें चर्चा में हैं। अल्लू अर्जुन ने एटली की फिल्म ‘राका’ का मुंबई शेड्यूल पूरा कर लिया है, वहीं चोट से उबर रहीं रश्मिका मंदाना जल्द काम पर लौटने वाली हैं। द ग्रेट खली ने कार हादसे के बाद अपनी सेहत का अपडेट दिया है। अरशद वारसी ने नेपोटिज्म को लेकर कंगना रनौत का जिक्र किया है। कियारा आडवाणी के ‘की एंड का 2’ में लीड रोल की चर्चा है। राजकुमार संतोषी ने ‘बंटवारा 1947’ को लेकर शबाना आजमी की बात पर असहमति जताई है। मनोज बाजपेयी, मनीषा कोइराला, कनिका मान और अविका गौर भी सुर्खियों में हैं।
अल्लू अर्जुन ने एटली की फिल्म ‘राका’ का मुंबई शेड्यूल पूरा कर लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस शेड्यूल में उनके किरदार से जुड़े कुछ अहम सीन शूट किए गए। फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण और रश्मिका मंदाना भी नजर आएंगी। ‘राका’ एक बड़े स्तर की साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म बताई जा रही है।
हिप इंजरी से उबरने के बाद रश्मिका मंदाना जल्द काम पर लौटने वाली हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपने ब्रेक के दौरान बिताए पलों की तस्वीरें शेयर कीं।
द ग्रेट खली की कार का हरियाणा के पानीपत में एक टोल प्लाजा के पास दूसरी कार से एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद खली ने वीडियो शेयर कर अपनी सेहत का अपडेट दिया। उन्होंने इसे मामूली हादसा बताया और कहा कि वह सुरक्षित हैं। खली ने यह भी कहा कि वह इस घटना को बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहते।
अरशद वारसी ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म की बहस पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इंडस्ट्री में शुरुआत की थी, तब नेपोटिज्म इतनी बड़ी चर्चा नहीं थी। अरशद ने कहा कि कंगना रनौत ने इस मुद्दे को सामने रखा और फिर ये बड़ी बात बन गई। उन्होंने ये भी कहा कि आखिर में आगे बढ़ने के लिए टैलेंट जरूरी है।
‘टॉक्सिक’ के बाद कियारा आडवाणी एक और बड़े प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें ‘की एंड का 2’ के लिए लीड एक्ट्रेस के तौर पर अप्रोच किया गया है। ये फिल्म 2016 में आई करीना कपूर खान और अर्जुन कपूर की ‘की एंड का’ का दूसरा पार्ट होगी। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें नई कहानी होगी और कास्टिंग अभी पूरी नहीं हुई है।
‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के मुस्लिम किरदार को लेकर शबाना आजमी की राय पर निर्देशक राजकुमार संतोषी ने असहमति जताई है। शबाना ने कहा था कि दर्शक सनी को मुस्लिम किरदार में स्वीकार नहीं कर पाए। संतोषी ने इसका उदाहरण देते हुए अमिताभ बच्चन की ‘कुली’ का जिक्र किया और कहा कि अमिताभ ने भी मुस्लिम हीरो का किरदार निभाया था।
मनोज बाजपेयी ने समय रैना के ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में हुए बिहारी-कश्मीरी मजाक को लेकर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को खुद पर हंसना सीखना चाहिए और हर मजाक को लेकर आहत नहीं होना चाहिए।
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद मनीषा कोइराला ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील की है। काठमांडू में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि नेपाल को लोगों के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने भारत, चीन और नेपाल से मिलकर ग्लोबल वार्मिंग से निपटने की बात भी कही। मनीषा ने अंतरराष्ट्रीय लोगों से नेपाल को सपोर्ट करने की अपील की।
टीवी एक्ट्रेस कनिका मान का नाम ‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट्स में शामिल होने को लेकर सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शो के अगले सीजन के लिए उनके नाम पर मुहर लग चुकी है।
अविका गौर का ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का सफर खत्म हो गया है। एलिमिनेशन स्टंट में उनका मुकाबला ऑरी से हुआ, जिसमें ओरी ने बेहतर प्रदर्शन किया। इसके बाद अविका शो से बाहर हो गईं। एलिमिनेशन के बाद उन्होंने अपने अनुभव पर बात करते हुए कहा कि घर बैठकर शो देखने पर उन्हें लगता है कि अगर वो वहां होतीं तो शायद और बेहतर कर सकती थीं।