क्रिकेट

न्यूजीलैंड दौरे से पहले काउंटी खेलेंगे जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज आकिब नबी

न्यूजीलैंड दौरे से पहले अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी काउंटी चैंपियनशिप खेलेंगे। इसके लिए वह इंग्लैंड रवाना हो चुके हैं। नबी को अब तक अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है।

Image

आकिब नबी (साभार-X)

श्रीलंका दौरे पर आकिब नबी टीम में तो शामिल थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन न्यूजीलैंड दौरे के लिए उन्हें तैयार किया जा रहा है। इस दौरे के लिए उन्होंने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है और इसी क्रम में अब वह काउंटी क्रिकेट से जुड़े हैं। जम्मू-कश्मीर के प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज आकिब नबी काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन एक में सरे के लिए तीन मैच खेलने के लिए ब्रिटेन रवाना हो चुके हैं। यह फैसला भारत के अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

नबी को हाल में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट की श्रृंखला के लिए चोटिल जसप्रीत बुमराह के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। भारत ने यह सीरीज 1-0 से अपने नाम किया। हालांकि, कोलंबो टेस्ट में बुमराह की कमी साफ नजर आई जब सोनल दिनुशा ने अपनी शतकीय पारी के दम पर मैच ड्रॉ करा लिया।

एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ’’नबी दुबई से ब्रिटेन के लिए रवाना हो गए हैं और बुधवार को यॉर्कशर के खिलाफ होने वाले मैच में खेलने को लेकर बेताब हैं।’’

रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले नबी के समय पर लौटने की भी उम्मीद है जिससे कि वह पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत के चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट मैच में हिस्सा ले सकें। यह श्रृंखला 22 सितंबर से शुरू होगी। जम्मू-कश्मीर ने पिछले सत्र में पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था।

इससे पहले खबर आई थी कि सरे को स्विंग गेंदबाज की तलाश थी और नबी को कुछ मैच में क्लब की ओर से खिलाने को लेकर बातचीत चल रही थी।

यॉर्कशर के खिलाफ दो से पांच सितंबर तक होने वाले मुकाबले के बाद सरे को आठ से 11 सितंबर तक ससेक्स और 15 से 18 सितंबर तक ग्लेमोर्गन का सामना करना है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article