जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने रविवार को बिहार के मंत्री संजय कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि दिल्ली दौरे के दौरान संजय सिंह ने एक होटल की महिला कर्मचारी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी।
तेज प्रताप बोले- वीडियो फुटेज हासिल कर रहा हूं
पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा कि मैं इस छेड़छाड़ की घटना से जुड़े वीडियो फुटेज ढूंढने की कोशिश कर रहा हूं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही यह वीडियो बिहार की जनता के सामने पेश किया जाएगा। तेजप्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले को दबाने के लिए संजय कुमार सिंह ने कथित तौर पर 25 लाख रुपये भी खर्च किए हैं। इस दौरान तेज प्रताप ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि यह एक गंभीर मामला है, जिसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए।
पिछले चुनाव में तेज प्रताप को दी थी मात
बता दें कि संजय कुमार सिंह बिहार की सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार में मंत्री हैं और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) से जुड़े हैं। यह पार्टी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में है। संजय कुमार सिंह ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में महुआ विधानसभा सीट से तेज प्रताप यादव को हराया था। तेज प्रताप यादव पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में थे और उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें करीब एक साल पहले पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
मंत्री ने शनिवार को क्या कहा था?
सोशल मीडिया पर आरोपों को लेकर उठ रही चर्चाओं पर शनिवार को संजय कुमार सिंह ने कहा था कि यह राज्य सरकार को बदनाम करने की कोशिश है। उन्होंने कथित घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए सबूत पेश करने की चुनौती भी दी थी। संजय सिंह ने कहा था कि अगर कोई वीडियो या अन्य प्रमाण सामने आता है,तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कथित आचरण को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा था कि वह ऐसे व्यवहार के आरोप को स्वीकार करने के बजाय मौत को प्राथमिकता देंगे।वहीं, मंत्री संजय कुमार सिंह की ओर से तेज प्रताप के इस आरोप पर अब तक कोई सीधी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस कथित घटना को लेकर चल रही चर्चाओं के बारे में शनिवार को पूछे जाने पर सिंह ने इसे NDA सरकार को बदनाम करने की साजिश बताया था।
