दिल में कुछ कर गुजरने की चाहत और इस चाहत को पूरा करने के लिए मेहनत करने की हिम्मत हो तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं लगता है।
इसी मेहनत और लगन की बदौलत कोटद्वार में सिताबपुर निवासी कीर्ति शर्मा ने सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर इतिहास रच दिया है।
बेटी की सफलता पर कीर्ति के पिता रूपेश शर्मा व माता रेनू शर्मा ने खुशी व्यक्त की है। कीर्ति को आर्मी में भर्ती होने की प्रेरणा उनके दादा सेवानिवृत्त सूबेदार सुरेंद्र चंद्र ग्वाड़ी व मामा कर्नल दीपक डबराल से मिली।
कीर्ति शर्मा ने भोपाल में एक संस्थान से बीएससी की पढ़ाई की। इस दौरान उन्होंने एनसीसी में भी एडमिशन लिया। उन्होंने एनसीसी में ए ग्रेड के साथ एनसीसी सी प्रमाण पत्र प्राप्त किया। एनसीसी की विशेष भर्ती के तहत उन्होंने आर्मी अधिकारी के लिए आवेदन किया।
कीर्ति ने प्रयागराज उत्तर प्रदेश में आर्मी की एसएसबी साक्षात्कार पास करने के बाद आफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) चेन्नई ज्वाइन की।
एक साल का प्रशिक्षण पास करने के बाद कीर्ति ने सात मार्च को ओटीए में पासिंग आउट परेड के बाद लेफ्टिनेंट के पद पर सेना अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त किया।