केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की गई कक्षा 12वीं की परीक्षा में शामिल हुए 16 लाख से अधिक छात्र बेसब्री से अपने परिणामों का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच हम आपको 2022 में इंटर की परीक्षा में टॉप करने वाली तान्या सिंह से मिलवा रहे हैं जिन्होंने 500 में से 500 नंबर लाकर इतिहास रचा था। यूपी के बुलंदशहर की छात्रा तान्या सिंह का लक्ष्य 2027 में यूपीएससी टॉपर बनने का है
तान्या सिंह दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), बुलंदशहर की छात्रा थीं। उन्होंने अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और हिंदी वोकल म्यूजिक जैसे विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि उन्होंने केवल परीक्षा में टॉप ही नहीं किया, बल्कि अपने भविष्य का लक्ष्य भी पहले से तय कर रखा था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तान्या ने साल 2020 में ही एक कागज पर लिख दिया था कि वह “CBSE Topper 2022” और “UPSC Topper 2027” बनेंगी। उनका यह आत्मविश्वास और स्पष्ट लक्ष्य आज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। तान्या का सपना IAS अधिकारी बनकर देश सेवा करना है।
तान्या ने अपनी पढ़ाई को लेकर एक खास तरीका अपनाया था। उन्होंने बताया था कि वह कभी भी किसी अध्याय को अधूरा छोड़कर आगे नहीं बढ़ती थीं। जब तक कोई विषय पूरी तरह समझ न आए, तब तक वह उसी पर फोकस करती थीं। यही उनकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र बना।
तान्या सिंह की सफलता के बाद उत्तर प्रदेश में खुशी का माहौल देखने को मिला था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें बधाई दी थी। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के दम पर कोई भी छात्र बड़ी सफलता हासिल कर सकता है।
आज जब छात्र CBSE रिजल्ट 2026 का इंतजार कर रहे हैं, तब तान्या सिंह की कहानी उन्हें प्रेरणा देने का काम कर रही है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सपने तभी पूरे होते हैं जब उन्हें पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ हासिल करने की कोशिश की जाए।