नई दिल्ली जिले के डीसीपी देवेश माहला खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं। वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों से समन्वय बनाकर संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के प्रयास कर रहे हैं। इससे न केवल पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ी है बल्कि आम जनता की समस्याओं का समाधान भी जल्दी हो रहा है। खासकर शाम और रात के समय पुलिस की गश्त को बढ़ा दिया गया है। पैदल गश्त के साथ-साथ विशेष गश्ती दल कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, जनपथ, गोल मार्केट और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पुलिस हाई-डेंसिटी एरिया में मोटरसाइकिल गश्त के साथ विशेष पिकेट्स लगाए गए हैं ताकि हर समय पुलिस की मौजूदगी बनी रहे। बीट अफसर अब स्थानीय दुकानदारों, यात्रियों और रहवासियों से भी बात कर रहे हैं ताकि उनकी चिंताओं को समझा जा सके और उसके अनुसार कार्य किया जाएगा। इतना ही नहीं, दिल्ली पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में चेक पोस्ट बनाए हैं, जहां हर आने-जाने वाले वाहन की सख्ती से जांच की जा रही है। खास ध्यान किराए के और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर दिया जा रहा है।
दिल्ली के बड़े बाजारों और भीड़ भाड़ वाले इलाके पर पुलिस ने खास निगरानी की है। दिल्ली के पालिका बाजार, जनपथ, खान मार्केट जैसे इलाकों में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड लगातार जांच कर रहे हैं। ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस RWA, MWA और नागरिक सुरक्षा समितियों के सदस्यों से मिलकर उन्हें चौकसी बरतने की सलाह दे रही है। निजी सुरक्षा गार्डों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पुलिस को तुरंत सूचना देने के लिए कहा गया है।
पुलिस ने भीड़ भाड़ वाले इलाकों के साथ होटल और गेस्ट हाउस पर भी नजरे बनाई हुई है। इसको लेकर होटल के मालिकों और स्टाफ के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर आने-जाने वाले की सही पहचान और जानकारी दर्ज की जाए। डीसीपी नई दिल्ली देवेश माहला ने दिल्ली के सभी नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस स्टेशन या इमरजेंसी नंबर पर सूचना दें।