मेक्सिको के दक्षिणी हिस्से और उसके पड़ोसी देशों में शुक्रवार को उस वक्त भारी अफरातफरी मच गई, जब प्रशांत महासागर के तट पर 7.3 तीव्रता का एक बेहद शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप का यह झटका मेक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास में ग्वाटेमाला सीमा के पास महसूस किया गया। झटके इतने तेज थे कि इसने न केवल मेक्सिको, बल्कि पड़ोसी देश ग्वाटेमाला और एल साल्वाडोर की इमारतों को भी बुरी तरह हिला कर रख दिया। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रशासन की ओर से तुरंत किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मेक्सिको के प्यूर्टो माडेरो शहर के पास था। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि यह भूकंप जमीन की सतह से महज 10 किलोमीटर की उथली गहराई पर था। उथले भूकंपों को आमतौर पर ज्यादा खतरनाक माना जाता है। इस तेज झटके के तुरंत बाद, अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले तटीय इलाकों में खतरनाक सुनामी लहरें उठने की आशंका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान में बढ़ा तनाव: तेहरान ने पहली बार माना, US हमलों में तबाह हुआ पावर ग्रिड
भूकंप के कारण तेजी से हिलने लगीं बहुमंजिला इमारतें
इस प्राकृतिक आपदा का असर मेक्सिको से बाहर भी बड़े पैमाने पर देखा गया। ग्वाटेमाला सिटी में भूकंप के कारण बहुमंजिला इमारतें तेजी से हिलने लगीं, जिससे घबराकर लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों की तरफ भागने लगे। स्थानीय मीडिया द्वारा जारी किए गए दृश्यों में सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू होने के बाद एक सरकारी इमारत से कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए देखा गया।
सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दल मुस्तैद
इसके अलावा, एल साल्वाडोर में भी लोगों ने इस कंपन को महसूस किया। दूसरी तरफ, मेक्सिको के ओक्साका राज्य के गवर्नर सालोमन जारा ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनके राज्य की राजधानी में भूकंप के मध्यम झटके महसूस किए गए हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दल मुस्तैद हैं।
