दुनिया

अमेरिका ने ईरान के चाबहार पोर्ट के निगरानी टावर पर किया घातक हमला, धुएं का उठा गुबार; VIDEO आया सामने

US Iran Conflict: अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि उसने ईरान के चाबहार के शहीद कलंतरी बंदरगाह पर स्थित एक अहम ईरानी निगरानी केंद्र पर सटीक हमला किया।

Image

अमेरिका ने चाबहार पोर्ट पर किया घातक हमला (फोटो साभार: @CENTCOM)

Photo : Twitter

US Iran Conflict: अमेरिका ने ईरान के चाबहार के शहीद कलंतरी बंदरगाह पर स्थित एक अहम ईरानी निगरानी केंद्र पर सटीक हमला किया। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने शुक्रवार को इस हमले का वीडियो जारी किया।

अमेरिकी सेना के मुताबिक, यह टावर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के समुद्री निगरानी नेटवर्क का हिस्सा था। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल दशकों से होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों की निगरानी और उन्हें निशाना बनाने के लिए किया जाता था।

'IRGC की क्षमता हुई कमजोर'

अमेरिकी सेना ने कहा कि इस कार्रवाई से आईआरजीसी की समुद्री निगरानी और हमलों के समन्वय की क्षमता कमजोर हुई है। साथ ही, दावा किया गया कि यह अभियान क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और नागरिक जहाजों की सुरक्षा के लिए किया गया है। ईरान के मुताबिक, इस टावर का चाबहार बंदरगाह पर आवाजाही वाले वाणिज्यिक जहाजों की निगरानी के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

'शहीद बेहेश्ती टर्मिनल पूरी तरह सुरक्षित'

अमेरिकी हमलों की रिपोर्ट्स के बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि चाबहार पोर्ट पर स्थित भारत द्वारा संचालित शहीद बेहेश्ती टर्मिनल पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि चाबहार पोर्ट के संबंध में अमेरिका द्वारा पहले एक छूट दी गई थी, जिसकी अवधि कुछ समय पहले समाप्त हो चुकी है। इसके बाद से भारत इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित पक्षों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है।

विदेश मंत्रालय का बयान ऐसे समय पर आया जब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि बंदरगाह के आसपास विस्फोट हुए हैं और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी सोशल मीडिया पर हमलों से जुड़ी तस्वीरें साझा की थीं और अब अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने चाबहार पोर्ट पर की गई एयर स्ट्राइक का वीडियो साझा किया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article