बिजनेस

रिलायंस इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ 22% घटकर ₹20,946 करोड़ रहा, जियो प्लेटफॉर्म्स का मुनाफा 9.2% बढ़ा

मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के लिए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे मिले-जुले रहे। जहां कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 22% घटकर 20,946 करोड़ रह गया, वहीं जियो ने मजबूत प्रदर्शन किया।

Image

रिलायंस इंडस्ट्रीज

मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) का वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में समेकित शुद्ध लाभ 22 प्रतिशत घटकर 20,946 करोड़ रुपये रह गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 26,994 करोड़ रुपये था। आरआईएल ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि पिछले साल की समान तिमाही में एशियन पेंट्स की हिस्सेदारी बेचने से उसे एकबारगी बड़ा लाभ हुआ था, जिससे उसका लाभ बढ़ा था। इस वजह से इस बार लाभ में गिरावट दिख रही है।

रिलायंस ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में पिछले साल जैसा 8,924 करोड़ रुपये का असाधारण लाभ नहीं था। हालांकि, अगर इस एकबारगी लाभ को हटा दिए जाए, तो कंपनी का मुख्य कारोबार स्थिर बना रहा। तेल एवं रसायन, खुदरा, डिजिटल सेवाएं और उत्पादन कारोबार से कंपनी को लगातार सहयोग मिलता रहा। साथ ही कंपनी अपने नवीन ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश जारी रखे हुए है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी की आय और ईबीआईटीडीए (कर पूर्व आय) पर मुख्य व्यवसायों के अच्छे प्रदर्शन का सकारात्मक असर देखा गया।

जियो प्लेटफॉर्म्स के मुनाफे में उछाल

वहीं, Jio Platforms ने पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 7,764 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। पिछले साल की समान अवधि में कंपनी का मुनाफा करीब 7,110 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि ग्राहक बाजार हिस्सेदारी में लगातार बढ़ोतरी, प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (एआरपीयू) में वृद्धि और डिजिटल सेवाओं की बिक्री के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है।

डिजिटल और दूरसंचार कारोबार वाली कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 7,110 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसकी परिचालन आय 11.8 प्रतिशत बढ़कर 39,173 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 35,032 करोड़ रुपये थी।

एआरपीयू भी बढ़ा

समीक्षाधीन तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) 3.3 प्रतिशत बढ़कर 215.6 रुपये हो गया।

कंपनी ने कहा कि बेहतर ग्राहक मिश्रण और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों से इसमें वृद्धि हुई। हालांकि, फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए प्रचार योजनाओं का इसका कुछ असर रहा। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी का एआरपीयू 208.8 रुपये था। कंपनी का ग्राहक आधार सालाना आधार पर 7.1 प्रतिशत बढ़कर 53.3 करोड़ हो गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 49.8 करोड़ था।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article