देशभर के विभिन् राज्यों और शहरों के बीच हाई स्पीड ट्रेनों की संख्या में इजाफा किया जा रहा है। खासकर, उत्तर भारत के शहरों तक कनेक्टिविटी का खास ख्याल रखा जा रहा है। इसी क्रम में यूपी से 4 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी दिखाकर विभिन्न रूटों पर के लिए रवाना कर दिया गया है। हालांकि, इनमें से 2 उत्तर प्रदेश के लोगों का सफर आसान करेंगी, जबकि 2 में से एक दक्षिण भारत और एक दिल्ली से पंजाब तक फर्राटा भरती नजर आएगी। आइये जानते हैं ये ट्रेनें किन शहरों के बीच चलेंगी और इनकी टाइमिंग और किराया क्या होगा?
नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्गों पर संचालित होंगी, जिससे अन्य ट्रेनों के मुकाबले यात्रा के समय में काफी कटौती होगी और ये ट्रेनें रूट के तमाम शहरों तक कनेक्टिविटी को बढ़ाएंगी। इसके साथ ही उक्त राज्यों में पड़ने वाले पर्यटन को भी बढ़ावा देंगी, जिससे रेलवे के राजस्व समेत पर्यटन क्षेत्र के राजस्व में बढ़ोतरी होगी। ये सभी ट्रेने एसी रहित सेमी हाईस्पीड हैं। इनमें एसी चेयरकार और एग्जीक्यूटिव एसी चेयर कार कोच शामिल हैं।
बनारस-खजुराहो वंदे भारत (26422) इस मार्ग पर सीधी कनेक्टिविटी स्थापित करेगी और वर्तमान में चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट की बचत करेगी। यानी 443 किलोमीटर की दूरी महज 7 घंटे 40 मिनट में पूरी करेगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी कैंट, विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, चित्रकूट, बांदा, महोबा और खजुराहो स्टेशन पर ठहराव लेगी। इसके जरिए प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल आपस में जुड़ेंगे। तीर्थयात्रियों और यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक एक तेज़, आधुनिक और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। इससे यूपी और एमपी के बीच कनेक्टिविटी बेहद आसान होगी। यह ट्रेन गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी।
बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या (26422) वाराणसी कैंट स्टेशन से सुबह 5 बजकर 25 मिनट पर खुलेगी और 6 बजकर 55 मिनट पर विंध्याचल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वहां से चलकर 8 बजे छिवकी प्रयागराज में रुकेगी और 10 बजकर 5 मिनट पर चित्रकूट धाम पहुंचेगी और वहां से रवाना होगा 11 बजकर 8 मिनट पर बांदा स्टेशन पहुंचेगी फिर वहां से चलकर 12 बजकर 8 मिनट पर महोबा स्टेशन पहुंचेगी फिर वहां चलकर 1 बजकर 10 मिनट पर खजुराहो रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या (26421) एमपी के खजुराहो स्टेशन से दोपहर 3 बजे चलेगी और 4 बजकर 18 मिनट पर महोबा स्टेशन, 5 बजकर 13 मिनट पर बांदा रेलवे स्टेशन, 6 बजकर 13 मिनट पर चित्रकूट धाम, 8 बजकर 20 मिनट पर छिवकी प्रयागराज और 9 बजकर 10 मिनट पर विंध्याचल स्टेशन और वहां चलकर रात्रि 11 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन पर पहुंच जाएगी।
वहीं, लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बेहद सहूलियत प्रदान करेगी। ट्रेन संख्या (26503/ 26504) दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 7 घंटे 45 मिनट में रूट पर यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रा समय में लगभग 1 घंटे की कटौती होगी। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर स्टेशन पर ठहराव लेगी और यहां से आवागमन करने वाले यात्रियों को बहुत लाभ होगा। इस गाड़ी के संचालन से यूपी के साथ उत्तराखंड के रुड़की होते हुए हरिद्वार तक जाने वाले यात्रियों को मदद मिलेगी।
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन चलेगी। ट्रेन संख्या (26504) लखनऊ रेलवे स्टेशन से सुबह 5 बजे खुलेगी और सीतापुर 5 बजकर 55 मिनट, शाहजहांपुर 7 बजकर 10 मिनट, बरेली 8 बजकर 8 मिनट, मुरादाबाद 9 बजकर 27 मिनट, नजीमाबाद 10 बजकर 45 मिनट, रुड़की (उत्तराखंड) 11 बजकर 40 मिनट से चलकर दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर सहारनपुर स्टेशन पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 26503 सहारनपुर से स्टेशन 3 बजे चलेगी और 3 बजकर 35 मिनट पर पर रुड़की पहुंचेगी, शाम 4 बजकर 40 मिनट पर नजीमाबाद, 6 बजकर 10 मिनट पर मुरादाबाद, 7 बजकर 33 मिनट पर बरेली, 8 बजकर 38 मिनट पर शाहजहांपुर, 9 बजकर 50 मिनट पर सीतापुर से चलकर रात 11 बजे लखनऊ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वहीं, तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का नाम फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत है। इस रूट पर सबसे तेज चलने वाली ट्रेन साबित होगी। यह 6 घंटे 40 मिनट में सफर पूरा करेगी। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली-एनसीआर और पंजाब के प्रमुख शहरों, जैसे फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला के बीच बेहतर कनेक्टिविटी को मजजबूत करेगी। इस ट्रेन के संचालन से व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के क्षेत्र में काफी अवसर बढ़ेंगे। फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत में सफर करने के लिए यात्रियों को एसी चेयरकार के लिए 1750 रुपये और एसी एग्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए लगभग 3300 से 3400 रुपये बतौर टिकट के लिए चुकाने पड़ सकते हैं। हालांकि, टिकट प्राइस को लेकर कोई सटीक जानकारी नहीं है। ये बुकिंग के समय अलग-अलग हो सकती है।
उधर, दक्षिण भारत के लिए भी नई वंदे भारत एक्सप्रेस का इंतजाम किया गया है। एर्नाकुलम-बेंगलुरु के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को संचालित किया जाएगा। इस ट्रेन के चलने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय 2 घंटे तक की कटौती हो सकती है, जिसके बाद यह यात्रा 8 घंटे 40 मिनट में पूरी हो जाएगी। एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस प्रमुख आईटी और व्यापारिक सेंट्रल को कनेक्ट करेगी। इस गाड़ी के पेशेवरों, स्टूडेंट और टूरिस्टों को अधिक आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। इस रूट पर केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच यात्रा काफी सुगम होगी। एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत में सफर करने के लिए चेयरकार के लिए 1465 और एग्जीक्यूटिव चेयरकार के लिए 2945 रुपये खर्च करने होंगे। हालांकि, अभी बुकिंग को लेकर कोई सूचना नहीं है। यात्री रेलवे की संबंधित वेबसाइट पर टिकट प्रक्रिय चेक कर सकते हैं। इन सभी ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। हालांकि, अलग-अलग मार्गों पर स्पीड भिन्न होगी।