रवि शास्त्री ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 की जो टीम चुनी है, उसमें कई नाम चौंकाने वाले हैं जो मौजूदा वक्त में टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं और उनके वापसी की उम्मीद ना के बराबर है। शास्त्री ने अपनी टीम में दो विकेटकीपर, 3 ओपनर, 4 पेसर और 3 स्पिन गेंदबाजों को शामिल किया है जो वास्तविक रुप से चुन पाना संभव नहीं है, लेकिन इतन तय है कि यह एक मजबूत टीम है।
रोहित-विराट को लेकर बीच-बीच में अफवाह उड़ते रहती है कि दोनों वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं, लेकिन शास्त्री ने दोनों को प्रमुखता से अपनी टीम में जगह दी है। इस बार वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा और ऐसे में टीम इंडिया को हर हाल में इन दोनों खिलाड़ियों की जरूरत होगी।
रवि शास्त्री की हटके टीम में यशस्वी जायसवाल का नाम भी शामिल है, जबकि उनकी जगह तब तक टीम में नहीं बनती जबतक रोहित शर्मा टीम में हैं। ऐसे में शास्त्री की यह पसंद एकदम अलग नजर आती है, क्योंकि रोहित के रहते इसकी संभावना कम है।
शास्त्री की दूसरी हटके पसंद ऋषभ पंत की है। उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल और ऋषभ पंत को शामिल किया है। पंत भी लंबे वक्त से वनडे टीम में कंसीडर नहीं किए जा रहे हैं, ऐसे में क्या सेलेक्टर उन पर भरोसा जताएंगे?
शास्त्री का सबसे कमाल चुनाव मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार हैं। शमी आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में नजर आए थे, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने अपना आखिरी वनडे जनवरी 2022 में खेला था। दोनों की वापसी की संभावना ना के बराबर है।
रवि शास्त्री ने 3 ऑलराउंडर चुने हैं, लेकिन उनकी इस टीम में नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर का नाम नहीं है। उन्होंने ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को चुना है।
शास्त्री ने 3 स्पिन गेंदबाजों का नाम लिया है। कुलदीप यादव के अलावा उनके इस टीम में रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल हैं। कुलदीप को भी लगातार इस फॉर्मेट में मौका नहीं मिल रहा है।
भारत की वनडे वर्ल्ड कप 2027 की टीम- शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और कुलदीप यादव।