World Richest Man In History: इतिहासकारों द्वारा अक्सर “अब तक का सबसे अमीर व्यक्ति” कहा जाने वाला मानसा मूसा 1312 से 1337 ईस्वी तक माली साम्राज्य पर राज करता था। उस समय पश्चिम अफ्रीका का यह साम्राज्य दुनिया का सबसे बड़ा सोने का उत्पादक था और सोना उस समय सबसे मूल्यवान संसाधन था।
आज के दौर में एलन मस्क, जेफ बेजोस, मुकेश अंबानी और गौतम अडानी जैसे नाम अरबपतियों की लिस्ट में प्रमुख हैं। लेकिन इनमें से कोई भी यहां तक कि सभी मिलकर भी 14वीं सदी के माली के राजा मानसा मूसा की असाधारण और करीब मिथकीय संपत्ति के करीब नहीं पहुंच पाते।
अगर उनकी संपत्ति को आज के आर्थिक संदर्भ में आंका जाए तो कुछ अनुमानों के अनुसार यह 500 बिलियन डॉलर (करीब 43.7 ट्रिलियन रुपये) से भी अधिक होगी जो एलन मस्क की अधिकतम संपत्ति को भी पीछे छोड़ देती है।
1324 में मानसा मूसा ने मक्का की तीर्थयात्रा शुरू की, जो उनके द्वारा यात्रा किए गए हर शहर की आर्थिक नींव हिला देने वाली थी। उनके साथ 60000 से अधिक लोग 12000 गुलाम, और 100 ऊंट थे, जिनमें से प्रत्येक पर 300 पाउंड से अधिक सोना लदा था। काहिरा में उन्होंने इतनी बड़ी मात्रा में सोना दान किया कि वहां की अर्थव्यवस्था में अस्थिरता आ गई और सोने की कीमतें दशकों तक प्रभावित रहीं।
आज के अरबपतियों की तरह मानसा मूसा का कोई बड़ा बिजनेस या कंपनी नहीं थी। उनकी दौलत माली की प्राकृतिक संपदा और सोना, नमक, हाथी दांत जैसे सामग्रियों के व्यापार के मजबूत नेटवर्क पर आधारित थी। फिर भी उनका प्रभाव अफ्रीका, यूरोप और मध्य पूर्व तक फैला हुआ था। दुनिया के कई राजा और सम्राट उनके साथ संबंध बनाने की चाह रखते थे।
मानसा मूसा ने अपनी दौलत का उपयोग शिक्षा और वास्तुकला के विकास में भी किया। उनके शासनकाल में टिंबक्टू इस्लामी विद्या और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बन गया। उन्होंने कई मस्जिदें और शिक्षण संस्थान बनवाए, जिनमें से कई आज भी उनके गौरवशाली इतिहास के स्मारक के रूप में मौजूद हैं।