World Press Freedom Day: हर साल 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता के मूल सिद्धांतों का सम्मान करना और दुनिया भर में स्वतंत्र व निष्पक्ष मीडिया के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना है। इसकी शुरुआत 1993 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी। जिसकी प्रेरणा 1991 की विंडहोक घोषणा से ली गई थी। यह दिन पत्रकारों को बिना किसी दबाव या पक्षपात के काम करने की आजादी पर जोर देता है। यह दिन उन पत्रकारों को भी श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिन्होंने सच्चाई सामने लाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र प्रेस बेहद जरूरी है, क्योंकि यह सरकार और समाज के बीच पारदर्शिता बनाए रखने का काम करता है। आइए विस्तार से जानते हैं इसका इतिहास, महत्व और थीम...
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस का इतिहास - World Press Freedom Day History
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस का इतिहास साल 1993 से जुड़ा है, जब UNESCO की जनरल कॉन्फ्रेंस की सिफारिश पर United Nations General Assembly ने आधिकारिक रूप से इस दिवस की घोषणा की। इसके बाद से हर साल 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाने लगा। यह तिथि 1991 में अपनाई गई Windhoek Declaration की वर्षगांठ को दिखाती है। जिसने स्वतंत्र और बहुलतावादी मीडिया के महत्व को रेखांकित किया। यह दिन दुनियाभर में प्रेस की आजादी को बढ़ावा देने और पत्रकारों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रतीक बन चुका है।
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस का महत्व - World Press Freedom Day Importence
World Press Freedom Day का महत्व इस बात में निहित है कि यह समाज में स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया की भूमिका को रेखांकित करता है। यह दिन प्रेस की आजादी के महत्व को समझाने, पत्रकारों की सुरक्षा पर ध्यान आकर्षित करने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बढ़ावा देने का अवसर देता है। एक मजबूत लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र मीडिया जरूरी है, क्योंकि यह सत्ता को जवाबदेह बनाता है और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने का काम करता है।
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस की थीम 2026 - Press Freedom Day Theme 2026
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस 2026 की थीम “Shaping a Future at Peace: Promoting Press Freedom for Human Rights, Development, and Security” है। जो इस बात पर जोर देती है कि शांति, मानवाधिकारों की रक्षा, सतत विकास और वैश्विक सुरक्षा के लिए स्वतंत्र प्रेस बेहद जरूरी है। यह थीम बताती है कि जब मीडिया बिना डर और दबाव के काम करता है, तो वह सच्चाई को सामने लाकर समाज में पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करता है।
