Gas Saving Guide: महंगाई के इस दौर में रसोई गैस के बढ़ते दाम हर घर के बजट पर असर डाल रहे हैं। ऐसे में जरूरत है स्मार्ट कुकिंग की, जिससे गैस की खपत कम हो और खाना भी जल्दी तैयार हो जाए। थोड़ी सी समझदारी और कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप अपनी रसोई को ज्यादा किफायती बना सकते हैं। थोड़ी सी प्लानिंग और सही तकनीक अपनाकर आप न केवल रसोई गैस की खपत कम (Kitchen Gas Saving Tips) कर सकते हैं, बल्कि अपने समय और मेहनत की भी बचत कर सकते हैं। ये छोटे-छोटे बदलाव लंबे समय में बड़ा फर्क पैदा करते हैं। तो चलिए आज हम आपके रसोई के बजट को कुछ कम करने में आपकी मदद करेंगे। आइए जानते हैं गैस की खपत कम करने के कुछ असरदार तरीके...
प्रेशर कुकर का करें ज्यादा इस्तेमाल
खाना जल्दी पकाने का सबसे आसान तरीका है प्रेशर कुकर का उपयोग। दाल, चावल, सब्जियां और यहां तक कि कुछ नॉन-वेज डिशेज भी कुकर में जल्दी बन जाती हैं। इससे गैस की खपत कम होती है और समय भी बचता है।
बर्तन का सही चुनाव है जरूरी
हम अक्सर बिना सोचे-समझे किसी भी बर्तन में खाना बनाने लगते हैं, लेकिन मोटे तले वाले बर्तन या फ्लैट बेस वाले पैन गैस की बचत करते हैं। ये गर्मी को लंबे समय तक बनाए रखते हैं, जिससे खाना जल्दी पकता है।
पकाने से पहले करें तैयारी
खाना बनाने से पहले सभी सामग्री जैसे सब्जियां काटकर, मसाले तैयार करके रखें। इससे गैस चालू रखने का समय कम होगा और काम भी तेजी से होगा। इसे “मील प्रेप” की आदत कहा जाता है, जो काफी असरदार है।
पानी की मात्रा का रखें ध्यान
खाना बनाते समय जरूरत से ज्यादा पानी डालने से उसे सूखने में ज्यादा समय लगता है और गैस ज्यादा खर्च होती है। इसलिए सही मात्रा में पानी डालें और ढक्कन लगाकर पकाएं।
छोटे बर्नर का करें उपयोग
अगर आप छोटा बर्तन इस्तेमाल कर रहे हैं तो छोटे बर्नर पर ही खाना बनाएं। बड़े बर्नर पर छोटी कढ़ाई या पतीला रखने से गैस की बर्बादी होती है। ज्यादा बढ़े गैस पर खाना बनाना आपकी गैस के अपव्यय को बढ़ा सकता है।
ढक्कन लगाकर पकाना है फायदेमंद
खाना बनाते समय बर्तन को ढककर पकाने से गर्मी अंदर ही रहती है और खाना जल्दी तैयार होता है। यह एक आसान लेकिन गैस बचाने का प्रभावी तरीका है। यदि आप खुले बर्तन में खाना पकाते हैं, तो उसे पकने में अधिक समय लगता है।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
