Kids Sweet Obsession: बच्चे अकसर मीठे की तरफ ज्यादा आकर्षित होते हैं। फिर चाहे वह चॉकलेट हो, आइसक्रीम हो या फिर चीनी। कुछ हद तक तो यह सामान्य है लेकिन कई बच्चे मीठे के हद से ज्यादा आदि हो जाते हैं। यहीं पर पेरेंट्स के लिए समस्या खड़ी हो जाती है। वह बच्चों के मीठा खाने की आदत से परेशान हो जाते हैं। लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी वह कामयाब नहीं हो पाते। ऐसे में हम यहां एक्सपर्ट्स की राय के मुताबिक कुछ तरीके बता रहे हैं जिससे आप बच्चों के मीठा खाने की लत को छुड़ा सकते हैं।
बच्चे मीठा क्यों पसंद करते हैं
सबसे पहले हर अभिभावक को ये जानना जरूरी है कि बच्चे इतना ज्यादा मीठा क्यों पसंद करते हैं। इसके पीछे केवल जिद्द नहीं, बल्कि जीवविज्ञान भी है। तमाम शोध बताते हैं कि बच्चे जन्मजात रूप से मीठे स्वाद की ओर झुकाव रखते हैं। मीठा स्वाद ऊर्जा का संकेत देता है, जो बढ़ते बच्चों के विकास के लिए आवश्यक है। मीठा बच्चों को इंस्टेंट एनर्जी देने के साथ ही उनके हैप्पी हार्मोन्स को एक्साइट करते हैं। मीठा खाने से मस्तिष्क में डोपामाइन हार्मोन रिलीज होता है, जो उन्हें खुशी और संतुष्टि का अनुभव कराता है।
बच्चों के मीठा खाने की आदत कैसे छुड़ाएं?
मीठा पूरी तरह बंद करना मुश्किल और कभी-कभी उल्टा असर करने वाला हो सकता है। इसलिए, इसे धीरे-धीरे कम करने की रणनीति अपनानी चाहिए:
1. मीठे का विकल्प दें
बच्चों को जितना हो सके चीनी की जगह प्राकृतिक मिठास वाले फल दें। यदि बच्चा टॉफी मांगता है, तो उसे खजूर या किशमिश दें। दही में चीनी डालने के बजाय कटे हुए फल मिलाकर फ्रूट योगर्ट बनाएं।
2. घर में मीठी चीजें ना रखें
घर पर टॉफी चॉकलेट या फिर दूसरे मीठे आइटम रखना बंद कर दें। न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी। अगर किचन में चॉकलेट और बिस्कुट भरे रहेंगे, तो बच्चा उन्हें मांगेगा ही। घर में केवल स्वस्थ स्नैक्स जैसे भुने चने, मखाने या मेवे रखें।
3. लो शुगर चुनें
चाहे जैम हो या फिर बच्चों का जूस, इंग्रेडियेंट्स की लिस्ट पढ़ना शुरू करें। जितना कम हो सके शुगर कंटेंट वाली चीजें घर पर लाएं। बच्चों की आदत छुड़ाने के लिए आपको भी थोड़ी मेहनत करनी ही पड़ेगी।
4. रीवॉर्ड में भी मीठा न दें
अकसर माता-पिता बच्चों को टॉफी चॉकलेट का लालच देते हैं। मसलन सब्जी खत्म करो तो चॉकलेट मिलेगी। ऐसा बिल्कुल ना तरें। इससे बच्चे के मन में यह बात बैठ जाती है कि सब्जी सजा है और मीठा पुरस्कार।
5. भरपूर पानी और अच्छी नींद
कभी-कभी शरीर पानी की कमी या थकान को शुगर क्रेविंग समझ लेता है। सुनिश्चित करें कि बच्चा दिन भर खूब पानी पिए और पूरी नींद ले।
Read Also: बच्चों के एसी में सोने की आदत कैसे छुड़ाएं
पेरेंट्स को क्या सलाह देते हैं एक्सपर्ट्स
बच्चों को मीठा कम खाने की आदत सिखाने के लिए उन्हें सही तरीके से समझाना जरूरी है। उन्हें बताएं कि ज्यादा चीनी खाने से दांत खराब हो सकते हैं और शरीर पर भी बुरा असर पड़ता है। अगर बच्चा छोटा है, तो चार्ट, तस्वीरों या आसान उदाहरणों के जरिए उसे समझाएं ताकि वह बात जल्दी समझ सके। साथ ही, माता-पिता को भी ध्यान रखना चाहिए कि वे भावनाओं या इनाम के रूप में बार-बार मीठी चीजें न दें। ऐसी आदतें बच्चे में मीठा खाने की चाह और बढ़ा देती हैं, इसलिए इस पर नियंत्रण रखना जरूरी है।
