दिल्ली : धनतेरस और दिवाली की खरीदारी के लिए शुक्रवार को दिल्ली-NCR की सड़कों पर भारी भीड़ देखने को मिली। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई इलाकों में वाहन रेंगते नजर आए। प्रमुख सड़कों, फ्लाईओवर और बाजारों के आसपास लंबा जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर कुछ मिनट का सफर तय करने में घंटों लग गए।
त्योहारी खरीदारी के लिए दिन चढ़ने के साथ ही बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में लोगों की भीड़ बढ़ती गई। इसका असर सड़कों पर भी दिखाई दिया। शॉपिंग सेंटर, ज्वेलरी शोरूम और प्रमुख बाजारों की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगहों पर ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही।
दिल्ली के इन इलाकों में लगा लंबा जाम
दिल्ली के खिचड़ीपुर, आईटीओ, साकेत और गाजीपुर हाईवे के आसपास भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। वहीं, लक्ष्मी नगर से यमुना फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। शाम के समय दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गुरुग्राम में भी कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई लोगों ने ट्रैफिक जाम की तस्वीरें और वीडियो साझा किए। लोगों ने लंबे इंतजार, सड़कों पर अव्यवस्थित यातायात और ट्रैफिक प्रबंधन की कमी को लेकर नाराजगी जताई।
