Garmi Mein Dahi Ko Khatta Hone Se Kaise Bachayein: गर्मियों के मौसम में कई तरह की समस्याएं आती हैं। इनमें से एक दिक्कत दही को खट्टा होने से बचाना भी है। कई बार ऐसा होता है कि सुबह जमाया गया मीठा दही दोपहर तक इतना खट्टा हो जाता है कि उसे खाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि गर्मी के मौसम में दही को ताजा बनाए रखने के लिए क्या करें। कुछ आसान पारंपरिक और वैज्ञानिक तरीके हैं जिन्हें अपनाकर हम दही को खट्टा होने से बचा सकते हैं।
गर्मी में दही खट्टा क्यों हो जाता है?
दही बनने की प्रक्रिया लैक्टोबैसिलस नाम के बैक्टीरिया पर आधारित होती है। ये सूक्ष्म जीव दूध में मौजूद लैक्टोज (शुगर) को लैक्टिक एसिड में बदल देते हैं। गर्मियों में तापमान ज्यादा होने की वजह से इन बैक्टीरिया की गतिविधि काफी बढ़ जाती है, जिससे फर्मेंटेशन तेजी से होता है और दही जल्दी खट्टा हो जाता है।
गर्मी में दही जल्दी खट्टी हो जाए तो क्या करें
गर्मी में दही जल्दी खट्टा होना बिल्कुल आम बात है। लेकिन इन उपायों को अपनाकर आप गर्मी में दही को अधिक खट्टा होने से रोक सकते हैं:
मिट्टी के बर्तन में जमाएं दही - गर्मियों में दही जमाने के लिए मिट्टी की हांडी या बर्तन सबसे अच्छा विकल्प है। मिट्टी के छोटे-छोटे छेद अतिरिक्त नमी को सोख लेते हैं, जिससे दही गाढ़ा जमता है और तापमान नियंत्रित रहने के कारण यह जल्दी खट्टा नहीं होता।
दही जमते ही फ्रिज में रखें - जैसे ही दही अच्छी तरह जम जाए, उसे तुरंत फ्रिज में रख दें। ज्यादा देर तक गर्मी में रखने से दही में मौजूद एसिड का स्तर बढ़ता रहता है। फ्रिज का कम तापमान फर्मेंटेशन की गति को धीमा कर देता है।
ठंडे पानी का इस्तेमाल करें: यदि आपके पास फ्रिज नहीं है, तो एक गहरे बर्तन में ठंडा पानी भरें और दही के बर्तन को उसमें रख दें। यह तरीका दही को कुछ घंटों तक अधिक खट्टा होने से बचाता है।
कम जामन का इस्तेमाल करें - गर्मी में दही जमाने के लिए जामन की मात्रा कम रखनी चाहिए। आधा लीटर दूध के लिए आधा चम्मच जामन काफी होता है। साथ ही, जामन हमेशा ताजा होना चाहिए। अगर जामन पहले से खट्टा होगा, तो नया दही भी खट्टा ही जमेगा।
गुनगुने दूध से जमाएं दही - दही जमाने के लिए दूध न तो बहुत गर्म होना चाहिए और न ही पूरी तरह ठंडा। दूध हल्का गुनगुना होना चाहिए ताकि बैक्टीरिया सही गति से काम करें।
दही खट्टा हो तो क्या करें
अगर आपका दही खट्टा हो ही गया है, तो उसे फेंकने के बजाय आप उसे तुलसी के पौधे के लिए प्राकृतिक खाद के रूप में उपयोग कर सकते हैं। दही में मौजूद पोषक तत्व पौधे की जड़ों को मजबूती देते हैं और उसे हरा-भरा बनाए रखते हैं।
Read Also: तुलसी के पौधे में दही डालने से क्या होता है
इन छोटे-छोटे बदलावों को अपनी किचन रूटीन में शामिल कर आप भीषण गर्मी में भी मलाईदार और मीठे दही का आनंद ले सकते हैं।
