लाइफस्टाइल

घर से मच्छर और मक्खियां दूर भगा देंगे ये पौधे, इस परेशानी का अब पूरी गर्मी नहीं करना पड़ेगा सामना

machar-makhi bhagane wale paudhe: कुछ पौधे ऐसे होते हैं जिनसे मच्छर और मक्खियां दूर भागते हैं। ये सेहत को नुकसान पहुंचाए बिना घर से मच्छर और मक्खियों को दूर रखते हैं। अगर आप भी इस समस्या का सामना कर रहे हैं तो घर में इन पौधों को लगाकर देखें। जानें कौन से पौधे प्राकृतिक रूप से कीटनाशक का काम करते हैं।

Image

मच्छर-मक्खी भगाने वाले पौधे

machar-makhi bhagane wale paudhe: कितना भी बचाव कर लें, घर में मच्छर और मक्खियां आ ही जाते हैं। ये न सिर्फ तंग करते हैं, बल्कि मलेरिया, डेंगू, टायफाइड जैसी तमाम बीमारियों का कारण भी बनते हैं। आमतौर पर लोग इनसे बचने के लिए दवाइयां, स्प्रे या कॉइल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये सभी चीजें रासायनिक हैं, जो हमारी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं इसलिए एक अच्छा और सुरक्षित तरीका है खास पौधों को अपने घर के पास लगाना। जानें कौन से पौधे प्राकृतिक रूप से कीटनाशक का काम करते हैं।

किन पौधों को लगाने से भागते हैं मच्छर और मक्खियां

लैवेंडर से मिलेगी राहत

मॉस्किटो मैजिशियन नामक संस्थान के मुताबिक, लैवेंडर का पौधा मच्छरों और मक्खियों को भगाने में प्रभावी है। यह न केवल अपनी खूबसूरत बैंगनी फूलों और मनमोहक सुगंध के लिए जाना जाता है, बल्कि यह मच्छरों और मक्खियों को भगाने में भी मददगार होता है। इस पौधे की तेज सुगंध में लिनालूल एसीटेट जैसे प्राकृतिक तत्व होते हैं, जो कीटों के लिए असहनीय होते हैं। मच्छर और मक्खियां इस गंध से दूर भागते हैं, जिससे लैवेंडर एक प्राकृतिक कीटनाशक के रूप में काम करता है। यह पौधा कम पानी और देखभाल में भी आसानी से उग जाता है, जिससे इसे घरों में लगाना सुविधाजनक है।

Lavendar Plant

Lavendar Plant

लेमनग्रास की खुशबू कर देगी काम

लेमनग्रास, जैसा कि नाम से ही जाहिर होता है, यह पौधा लेमन यानी नींबू जैसी तेज सुगंध के लिए जाना जाता है। इसमें सिट्रोनेला नामक प्राकृतिक तेल पाया जाता है, जो मच्छरों और मक्खियों जैसी कीटों के लिए परेशानी का सबब बनता है। वे इस तेज गंध को सहन नहीं कर पाते और दूर रहते हैं। लेमनग्रास को धूप पसंद होती है और यह बहुत तेजी से बढ़ता है, इसलिए इसे लगाना बहुत आसान है। आप चाहें तो लेमनग्रास के पत्तों को तोड़कर घर के कोनों में रख सकते हैं, यह न केवल मच्छर भगाने में मददगार होगा, बल्कि घर को भी खुशबूदार बनाएगा।

Lemongrass

Lemongrass

तुलसी की भी है महिमा

तुलसी का पौधा यूं तो हमारे घरों में पूजा-पाठ और आयुर्वेदिक दवाओं के लिए इस्तेमाल होता है, लेकिन यह मच्छर और मक्खियां भगाने में भी बहुत काम आता है। तुलसी के पौधे में यूजेनॉल और सिट्रोनेलॉल जैसे प्राकृतिक तत्व होते हैं, जो मच्छरों को पास नहीं आने देते। अगर आप अपने घर की खिड़की, दरवाजे या बालकनी के पास तुलसी का पौधा लगाते हैं, तो वहां मच्छर कम दिखाई देंगे। इसके तेल को पानी में मिलाकर स्प्रे करने या तुलसी की पत्तियों को जलाने से भी कीटों से राहत मिलती है। यह पूरी तरह प्राकृतिक और पर्यावरण के लिए सुरक्षित है।

Mint Plant

Mint Plant

पुदीने के मेंथॉल से बनेगी बात

पुदीना का पौधा जितना खाने में स्वाद बढ़ाने के लिए काम आता है, उतना ही यह मच्छर और मक्खियां भगाने में भी असरदार होता है। पुदीना के पत्तों में मेंथॉल नामक तेल होता है, जो प्राकृतिक कीटनाशक की तरह काम करता है। पुदीना के पत्तों को तोड़कर घर के कोनों में रखने से मच्छर नहीं आएंगे और घर की हवा भी ताजी बनी रहेगी। पुदीना का पौधा लगाना काफी आसान है। यह थोड़ी सी धूप और पानी में भी अच्छे से उग जाता है। इसकी पत्तियों का इस्तेमाल चाय, खाने में स्वाद बढ़ाने या औषधि के रूप में भी होता है।

इनपुट - आईएएनएस

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article