Shrekking in Dating: डेटिंग की दुनिया में हर कुछ समय बाद एक नया ट्रेंड आता है, लेकिन इस बार Gen Z ने जो ट्रेंड शुरू किया है, वह थोड़ा अलग और सोचने पर मजबूर करने वाला है। इसका नाम है ‘Shrekking’। सीधी भाषा में कहें तो इसका मतलब है - जानबूझकर ऐसे व्यक्ति को डेट करना (Dating), जो पारंपरिक तौर पर खूबसूरत नहीं हो, लेकिन दिल से अच्छा हो, समझदार हो और रिश्ते में स्थिरता दे सके।
आज के समय में जब डेटिंग ऐप्स पर स्वाइप करते-करते लोग थक चुके हैं और बार-बार दिल टूटने के बाद भावनात्मक स्थिरता की तलाश बढ़ी है, तब Shrekking एक तरह का रिएक्शन बनकर सामने आया है।
'हॉट' लेकिन हार्टलेस से थक चुकी है Gen Z
सच कहें तो कई लोगों का अनुभव यही रहा है कि आकर्षक दिखने वाले लोग अक्सर रिश्तों में उतने ईमानदार या स्थिर नहीं होते। शानदार लुक्स, परफेक्ट प्रोफाइल और चार्म के पीछे कई बार कमिटमेंट की कमी, घोस्टिंग और 'सिचुएशनशिप' जैसी परेशानियां छिपी होती हैं। यही वजह है कि अब एक बड़ा वर्ग यह सोचने लगा है कि शायद खूबसूरती ही समस्या है। जब बार-बार दिल टूटता है, तो इंसान स्वाभाविक रूप से उस पैटर्न से बाहर निकलने की कोशिश करता है। Shrekking उसी बदलाव का हिस्सा है, जहां लोग बाहरी आकर्षण की बजाय भरोसे, केयर और इमोशनल उपलब्धता को प्राथमिकता दे रहे हैं।
श्रेक से इंस्पिरेशन: प्यार जो सीरत से हो
इस ट्रेंड का नाम भी दिलचस्प है और इसकी जड़ें सीधे फिल्मी दुनिया से जुड़ी हैं। Shrek फिल्म का किरदार श्रेक- जो दिखने में पारंपरिक हीरो जैसा नहीं है - लेकिन अपने प्यार में सच्चा, समर्पित और ईमानदार है। वह न तो गेम खेलता है, न ही रिश्ते को हल्के में लेता है। आज के डेटिंग कल्चर में यही क्वालिटी लोगों को आकर्षित कर रही है। लोग ऐसे पार्टनर की तलाश में हैं जो 'देखने में परफेक्ट' नहीं, बल्कि 'दिल से परफेक्ट'हो।

असली प्यार वही जो सूरत नहीं सीरत से हो
ट्रेंड के पीछे छिपी सच्चाई और सवाल
हालांकि Shrekking सिर्फ एक मजाकिया ट्रेंड नहीं है, इसके पीछे एक गहरी मनोवैज्ञानिक परत भी है। कई बार यह ट्रेंड आत्मविश्वास की कमी से भी जुड़ा हो सकता है। कुछ लोग यह मानकर चलते हैं कि अगर वे अपने 'लेवल' से नीचे डेट करेंगे, तो रिश्ता ज्यादा सुरक्षित रहेगा और सामने वाला उन्हें छोड़ेगा नहीं।
यह सोच थोड़ी खतरनाक भी हो सकती है, क्योंकि किसी भी रिश्ते की नींव बराबरी, सम्मान और आत्मसम्मान पर टिकी होती है। अगर आप किसी को सिर्फ इसलिए चुनते हैं कि वह आपको छोड़कर नहीं जाएगा, तो यह प्यार नहीं, बल्कि असुरक्षा हो सकती है।
असली 'ग्लो-अप' क्या है
दरअसल, असली बदलाव Shrekking नहीं, बल्कि सोच का बदलना है। यह समझना कि आकर्षण और अच्छा स्वभाव एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। हर आकर्षक व्यक्ति बुरा नहीं होता और हर साधारण दिखने वाला व्यक्ति अच्छा ही होगा - यह भी जरूरी नहीं। Gen Z का यह ट्रेंड एक बड़ा मैसेज जरूर देता है - अब लोग सिर्फ लुक्स के पीछे नहीं भागना चाहते। वे ऐसे रिश्ते चाहते हैं जहां सामने वाला समय दे, समझे, और साथ निभाए। यानी लोग अब 'परफेक्ट फोटो' नहीं, बल्कि 'परफेक्ट फीलिंग' की तलाश में हैं। और शायद यही बदलाव आने वाले समय में डेटिंग को थोड़ा आसान, थोड़ा सच्चा बना दे।
