बॉलीवुड

Ramayana 2: रणबीर कपूर की फिल्म की 60% शूटिंग हुई पूरी, पहले से भी भव्य होगा दूसरा पार्ट

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 12, 2026, 04:22 PM IST

Ramayana 2 Shooting Update: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के पहले पार्ट के बाद अब फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सिनेमैटोग्राफर ने इंटरव्यू के दौरान फिल्म की शूटिंग को लेकर खबर दी।

Image

‘रामायण 2’ की 60% शूटिंग पूरी, रणबीर कपूर की फिल्म में दिखेगा हनुमान और वानर सेना का बड़ा रूप, सिनेमैटोग्राफर ने दिया अपडेट (Image Source: Ramayana Movie/ Reddit)

Ramayana 2 Shooting Update: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की फिल्म रामायण (Ramayana) इन दिनों काफी चर्चा में बनी हुई है। फिल्म रामायण ने रिलीज होने के बाद से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है। फिल्म की कहानी, कलाकारों के लुक और इसके शानदार विजुअल्स लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज किया जा रहा है। पहले पार्ट में भगवान राम और रावण की कहानी के शुरुआती हिस्से को दिखाया गया है। वहीं, दूसरे पार्ट से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। अब फिल्म के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार (Pankaj Kumar) फिल्म रामायण के दूसरे पार्ट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। तो चलिए जानते हैं कि सिनेमैटोग्राफर ने क्या कहा है।

सिनेमैटोग्राफर ने शूटिंग को लेकर दिया अपडेट

एक्टर यश और रणबीर कपूर की फिल्म रामायण एक बार फिर से चर्चा में है। इसकी वजह फिल्म रामायण के दूसरे पार्ट को लेकर आया अपडेट है। 'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' (The Hollywood Reporter India) से बातचीत में सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने फिल्म के दूसरे पार्ट के बड़े स्तर के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि 'हम पार्ट 2 की करीब 60 फीसदी शूटिंग पहले ही कर चुके हैं। वीएफएक्स और मोशन कैप्चर का काफी काम बाकी है, क्योंकि दूसरा पार्ट पहले से ज्यादा भव्य होने वाला है। इसमें कंप्यूटर से बनाए गए किरदार भी काफी ज्यादा हैं, जैसे हनुमान और पूरी वानर सेना। इन पर अभी काफी बारीकी से काम करना बाकी है।'

'रामायण' के विजुअल्स पर पंकज कुमार का रिएक्शन

'रामायण' की विजुअल दुनिया को लेकर भी दर्शकों के बीच चर्चा हुई है। खासतौर पर फिल्म में दिखाए गए जंगल, पेड़ और आसपास के प्राकृतिक नजारों को लेकर। कुछ लोगों ने सवाल उठाया है कि ये चीजें पूरी तरह असली दिखने के बजाय काल्पनिक दुनिया जैसी क्यों नजर आती हैं। इस पर रिएक्शन देते हुए पंकज कुमार ने कहा, 'देखिए, अगर हम 'रामायण' की शूटिंग किसी असली जंगल में करते, तो वह दुनिया बहुत वास्तविक दिखती, लेकिन शायद हम ऐसा नहीं चाहते। हम चाहते हैं कि हमारी दुनिया असली जंगल से ज्यादा बेहतर और भव्य दिखे। जिन जंगलों से राम और लक्ष्मण राक्षसों से लड़ने के लिए गुजर रहे हैं, वहां अगर पेड़ बिल्कुल असली जंगल जैसे दिखेंगे, तो हमें वो भव्यता नहीं मिलेगी। वहां विशाल राक्षस हमला कर रहे हैं और हमारे किरदार एक पेड़ से दूसरे पेड़ पर झूल रहे हैं। इसमें असलियत कहां है? इसमें कोई वास्तविकता नहीं है। आप दर्शकों को एक काल्पनिक दुनिया दिखा रहे हैं। ऐसे में पत्तों या टहनियों को बिल्कुल असली जैसा दिखाने पर अड़े रहने की क्या जरूरत है? ये खुद को जाहिर करने का बस एक अलग तरीका है।' फिल्म रामायण 2 को लेकर सामने आए अपडेट पर आपकी क्या राय है, कमेंट करके हमें जरूर बताएं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article