Tulsi Plant Growth from Banana Peel: भारतीय घरों में तुलसी का पौधा आस्था और स्वास्थ्य, दोनों कारणों से लगाया जाता है। यहां लगभग हर घर में तुलसी का पौधा देखने को मिल जाता है। लेकिन कई लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि उनकी तुलसी कुछ ही दिनों में सूखने लगती है या उसकी पत्तियां पीली पड़ जाती हैं। ऐसे में लोग महंगी खाद और केमिकल का इस्तेमाल करते हैं, जबकि इसका आसान और प्राकृतिक उपाय रसोई में ही मौजूद है। इस उपाय का नाम है- केले का छिलका।
क्या केले का छिलका तुलसी के पौधों के लिए अच्छा है
गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के अनुसार, तुलसी की पत्तियां पीली पड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी, ज्यादा पानी देना, धूप की कमी या मिट्टी का सख्त हो जाना इसकी मुख्य वजहें हैं। खासतौर पर पोटैशियम और नाइट्रोजन की कमी होने पर पौधा कमजोर पड़ने लगता है।
ऐसे में केले का छिलका एक प्राकृतिक खाद की तरह काम करता है। इसमें पोटैशियम, फॉस्फोरस और कैल्शियम जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं, जो पौधे की जड़ों को मजबूत बनाते हैं और उसकी ग्रोथ को बेहतर करते हैं। इससे तुलसी की पत्तियां हरी-भरी और चमकदार बनी रहती हैं।
तुलसी के पौधे में केले के छिलके डालने का सही तरीका
केले के छिलके का इस्तेमाल करने का तरीका भी बेहद आसान है। सबसे पहले छिलकों को अच्छी तरह धोकर धूप में सुखा लें। जब वे पूरी तरह सूख जाएं, तो उन्हें मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें। अब एक लीटर पानी में एक चम्मच यह पाउडर मिलाकर घोल तैयार करें। इस घोल को तुलसी की जड़ों में डालें। ध्यान रखें कि पहले मिट्टी को हल्का ढीला कर दें, ताकि पोषण सीधे जड़ों तक पहुंच सके। हफ्ते में एक बार इस उपाय को अपनाने से कुछ ही दिनों में फर्क दिखाई देने लगता है।
हालांकि, एक जरूरी बात का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। कभी भी ताजे या गीले केले के छिलके सीधे मिट्टी में न डालें, क्योंकि इससे फंगस और कीड़े लगने का खतरा बढ़ सकता है।
सूख रही तुलसी को फिर से हरा भरा कैसे करें
तुलसी को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ खाद ही नहीं, बल्कि सही देखभाल भी जरूरी है। पौधे को रोजाना 4–5 घंटे धूप मिलनी चाहिए और जरूरत से ज्यादा पानी देने से बचना चाहिए। गमले की मिट्टी हल्की और पानी निकालने वाली होनी चाहिए। समय-समय पर मंजरी और सूखी पत्तियों को हटाने से भी पौधे की ग्रोथ बेहतर होती है।
अगर सही देखभाल के साथ केले के छिलके का यह घरेलू उपाय अपनाया जाए, तो सूखती हुई तुलसी भी फिर से हरी-भरी और घनी नजर आने लगती है।
