बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की बेटी टीना आहूजा ने भी हाल ही में अपने परिवार की लेट-नाइट ईटिंग हैबिट के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें रात में चॉकलेट, डाइट कोक और चिप्स पसंद हैं। वहीं, उनके पिता गोविंदा को जब रात में भूख लगती है, तो वे खाने को लेकर ज्यादा नखरे नहीं करते और ठंडा खाना भी खा लेते हैं। लेकिन क्या रात में इस तरह खाना हमेशा खराब माना जाना चाहिए?
एक्सपर्ट के मुताबिक ऐसा जरूरी नहीं है। कभी-कभार देर रात खाना अपने आप वजन बढ़ने की वजह नहीं बनता। असल फर्क इस बात से पड़ता है कि पूरे दिन आपने कितना और क्या खाया है और आपकी पूरी लाइफस्टाइल कैसी है।
रात में क्रेविंग क्यों होती है?
डायटीशियन्स के मुताबिक मिडनाइट क्रेविंग यानी आधी रात की भूख के पीछे कई कारण हो सकते हैं। दिन में पर्याप्त खाना न खाना, मील स्किप करना, कम प्रोटीन लेना, तनाव, बोरियत, खराब नींद और हार्मोनल बदलाव इसके कारण हो सकते हैं। कई बार पुरानी आदत भी रात में खाने की इच्छा पैदा करती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चॉकलेट या चिप्स खाने के लिए क्यों मचलता है मन
नींद और भूख का भी है कनेक्शन
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि शरीर में भूख को कंट्रोल करने वाले हार्मोन घ्रेलिन और लेप्टिन नींद और शरीर की इंटरनल क्लॉक यानी सर्केडियन रिदम से जुड़े होते हैं। जब नींद पूरी नहीं होती या कोई व्यक्ति देर रात तक जागता रहता है, तो भूख के संकेत बढ़ सकते हैं। ऐसे में मीठी और कैलोरी से भरपूर चीजों की क्रेविंग ज्यादा हो सकती है। यही वजह है कि देर रात तक जागने वाले लोगों को अकसर चिप्स, मिठाई या दूसरी स्नैकिंग वाली चीजें खाने का मन करता है।
क्या रात में खाना पूरी तरह छोड़ देना चाहिए?
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा कोई सीधा नियम नहीं है कि आधी रात को कुछ खाने से हर व्यक्ति का वजन बढ़ जाएगा। अगर कोई व्यक्ति पूरे दिन संतुलित खाना खाता है और शारीरिक रूप से सक्रिय है, तो कभी-कभार देर रात खाने का असर अलग हो सकता है। समस्या तब ज्यादा हो सकती है, जब रोजाना तनाव, बोरियत या अनियमित खान-पान की वजह से देर रात स्नैकिंग होने लगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जब चश्मा नहीं था तो कैसे देखते थे कमजोर आंख वाले लोग
मिडनाइट क्रेविंग कम करने का आसान तरीका
अगर आपको लगातार आधी रात को कुछ खाने की इच्छा होती है, तो सबसे पहले दिन के खाने पर ध्यान दें। भोजन में पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स शामिल करना मददगार हो सकता है। ये पोषक तत्व पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करते हैं। एक संतुलित डिनर के बाद रात में बार-बार कुछ खाने की इच्छा कम हो सकती है।
