शहर

MP में हवाई सफर होगा आसान, आज से भोपाल-पटना समेत 4 नई फ्लाइट शुरू

मध्य प्रदेश में रविवार से चार नई सीधी हवाई सेवाएं शुरू होंगी। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई मार्ग शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल से रीवा की पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे।

Image

मध्य प्रदेश को मिलेंगी 4 नई सीधी उड़ानें (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए रविवार को चार नई सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने वाली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में इन सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे भोपाल-रीवा की पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

भोपाल से रीवा और पटना के लिए सीधी उड़ान

नई हवाई सेवाओं के तहत भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ानें शुरू होंगी। इन उड़ान सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा।

भोपाल और रीवा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से राज्य में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे राजधानी और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क और मजबूत होगा। वहीं भोपाल-पटना उड़ान सेवा से मध्य प्रदेश की राजधानी सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ सकेगी। इससे यात्रियों, कारोबारियों और दोनों राज्यों के बीच आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रीवा और जबलपुर से कोलकाता की कनेक्टिविटी मजबूत

रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी फ्लाइट शुरू होने से प्रदेश के दोनों प्रमुख शहरों का कोलकाता और पूर्वी भारत से हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे यात्रा का समय कम होगा। इसके साथ ही व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हर राउंड ट्रिप पर 10 लाख रुपये तक VGF

नई हवाई सेवाओं को मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत वित्तीय सहायता दी जा रही है। राज्य सरकार हर राउंड ट्रिप पर 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) उपलब्ध कराएगी।

राज्य सरकार के अनुसार, हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिक विमानन नीति के तहत अब तक 8 नए हवाई मार्गों को मंजूरी दी गई है। इनमें चार मार्गों पर सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जबकि रविवार से चार नए मार्गों पर उड़ान सेवाएं शुरू होंगी।

पहले इन मार्गों पर शुरू हो चुकी हैं सेवाएं

नीति के तहत पहले शुरू किए गए मार्गों में रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि नई उड़ान सेवाओं से प्रदेश के अंदर और दूसरे राज्यों के साथ संपर्क बढ़ेगा। इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। साथ यात्रियों को तेज और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प भी मिलेगा।

कार्यक्रम में कौन-कौन होगा शामिल

राजा भोज एयरपोर्ट पर होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार और अलायन्स एयर के चेयरमैन अमित कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article