लाइफस्टाइल

करवा चौथ गया अब दिवाली की तैयारी शुरु.. नोट करें निशा मधुलिका की दिवाली स्पेशल नो मैदा नमकपारे की रेसिपी

करवा चौथ के बाद अब दिवाली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार मेहमानों के स्वागत के लिए बनाएं सूजी के कुरकुरे और परतदार नमकपारे। जानिए निशा मधुलिका की आसान नो मैदा रेसिपी, जिसे घर पर बनाकर लंबे समय तक रख सकते हैं।

Image

Diwali Namakpare recipe in hindi nisha madhulika

Namakpare Recipe in Hindi: करवा चौथ का त्योहार बीत चुका है और अब घरों में दिवाली की तैयारियां शुरू होने वाली हैं। त्योहारों का मौसम हो और घर में नमकीन की खुशबू न फैले, ऐसा भला कैसे हो सकता है! दिवाली पर मिठाइयों के साथ नमकीन रखना भी एक पुरानी परंपरा है। खासकर जब घर पर मेहमान आने वाले हों, तो चाय के साथ परोसने के लिए कुछ कुरकुरा और स्वादिष्ट होना जरूरी है। ऐसे में बाजार से नमकीन खरीदने के बजाय इस बार घर पर ही कुछ नया बनाकर देख सकते हैं।

    अगर आप भी मैदे से बनी चीजें कम खाना पसंद करते हैं, तो सूजी के नमकपारे एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। इनकी खासियत है कि ये बाहर से कुरकुरे और अंदर से खूबसूरत परतों वाले बनते हैं। मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट निशा मधुलिका ने सूजी से परतदार नमकपारे बनाने की आसान रेसिपी साझा की है। इसमें अजवाइन, जीरा और कसूरी मेथी का स्वाद इन्हें खास बनाता है। तो आइए जानते हैं दिवाली के लिए ये स्वादिष्ट नमकपारे घर पर कैसे तैयार करें।

    सूजी के नमकपारे बनाने के लिए सामग्री

    बारीक सूजी – 1 कप

    नमक – ⅓ छोटी चम्मच

    अजवाइन – ¼ छोटी चम्मच

    जीरा – ¼ छोटी चम्मच

    कसूरी मेथी – 1 छोटी चम्मच

    घी – 2 बड़े चम्मच

    गेहूं का आटा – 1 से 2 छोटी चम्मच

    गुनगुना पानी – जरूरत के अनुसार

    परत बनाने के लिए थोड़ा घी और गेहूं का आटा

    तलने के लिए तेल

    दिवाली स्पेशल नमकपारे रेसिपी

    1. सबसे पहले तैयार करें आटा

    एक बड़े बर्तन में बारीक सूजी लें। इसमें नमक, अजवाइन, हल्का कुटा हुआ जीरा और कसूरी मेथी डालें। अब दो बड़े चम्मच घी मिलाकर सारी सामग्री अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। इसे ढककर 15 से 20 मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।

    2. आटे को दें सही बनावट

    सूजी फूलने के बाद आटे को दोबारा अच्छी तरह मलें। अगर यह ज्यादा नरम लगे, तो इसमें एक-दो चम्मच गेहूं का आटा मिलाएं। करीब 3 से 4 मिनट तक गूंथने से आटा चिकना और अच्छी बाइंडिंग वाला हो जाएगा। अब इसकी चार बराबर लोइयां बना लें।

    3. इस तरह तैयार करें परतें

    एक लोई लेकर उसे बिना सूखा आटा लगाए पतली रोटी की तरह बेल लें। अब इसके ऊपर थोड़ा घी फैलाएं और हल्का सा गेहूं का आटा छिड़कें। इसके बाद रोटी को आधा मोड़ें और फिर दोबारा फोल्ड करें। इससे चार परतें बन जाएंगी। अब इसे हल्का बेलकर थोड़ा चौड़ा करें और चाकू से आधा से पौन सेंटीमीटर चौड़ी पट्टियां काट लें।

    4. धीमी आंच पर तलें नमकपारे

    कढ़ाई में तेल गर्म करें। तेल मध्यम-तेज गर्म होने पर गैस की आंच लो-मीडियम कर दें। अब इसमें थोड़े-थोड़े नमकपारे डालें। इन्हें बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि सभी तरफ से अच्छी तरह तल जाएं। करीब पांच मिनट में जब इनका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तो इन्हें बाहर निकाल लें।

    दो महीने तक स्टोर करने के लिए अपनाएं ये टिप्स

    निशा मधुलिका के अनुसार, नमकपारों को कुरकुरा बनाने के लिए सूजी फूलने के बाद आटे को अच्छी तरह मलना जरूरी है। इससे आटा सही तरह से सेट होता है। नमकपारे तलने के बाद उन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद किसी साफ और एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें। सही तरीके से तैयार और स्टोर किए गए नमकपारे लगभग दो महीने तक रखे जा सकते हैं। तो इस दिवाली मिठाइयों के साथ घर पर बने सूजी के परतदार नमकपारे भी जरूर तैयार करें। इनका कुरकुरा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article