बॉलीवुड के स्टार एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) एक बार फिर दर्शकों को कुछ अलग दिखाने की तैयारी में हैं। इस बार न कोई कॉमेडी का तड़का होगा और न ही अदालत में दलीलें, बल्कि एक्टर एक खतरनाक मिशन पर निकलेंगे। उनकी आने वाली साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर फिल्म 'समुक' (Samuk) का नया मोशन पोस्टर सामने आया है। इसमें अक्षय का अंदाज देखकर फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। पोस्टर में एक विशालकाय जीव का हाथ और घने जंगल में बंदूक थामे खड़े अक्षय नजर आ रहे हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Baatein Dil Se Exclusive: असिस्टेंट डायरेक्टर से बाबाजी कैसे बने शोभिनव सत्य? खुद सुनाई पर्दे के पीछे की पूरी कहानी)
समुक को लेकर आया अपडेट
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर मोशन पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि फिल्म से जुड़ा नया अपडेट 16 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 7 मिनट पर सामने आएगा। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा, 'एक शिकारी, एक मिशन और ऐसी लड़ाई, जहां कोई नियम नहीं हैं।' पोस्टर में दिख रहा विशालकाय हाथ इस बात का इशारा करता है कि फिल्म में किसी खतरनाक जीव का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, इसकी कहानी और अक्षय के किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म 28 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'समुक' का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं, जबकि विपुल अमृतलाल शाह इसे सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बना रहे हैं। फिल्म में अक्षय के साथ रुक्मिणी मैत्रा, विनीत कुमार सिंह, रजत कपूर, स्वानंद किरकिरे, बनिता संधू और सुशांत सिंह भी नजर आएंगे।
बताते चलें कि फिल्म समुक की शूटिंग का बड़ा हिस्सा ब्रिटेन में पूरा किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां के शेड्यूल में करीब 80 फीसदी शूटिंग खत्म हुई थी। खास बात यह है कि फिल्म के लिए 'एलियन' और 'प्रिडेटर' जैसी फिल्मों में काम कर चुके ऑस्कर-नामांकित क्रिएचर इफेक्ट्स डिजाइनर एलेक गिलिस को जोड़ा गया है। वहीं, ब्रिटिश एक्शन डायरेक्टर ल्यूक टम्बर ने इसके एक्शन सीन तैयार किए हैं। अब देखना होगा कि अक्षय की यह नई दुनिया बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना रोमांचित करती है।
