मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में भारतीय आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें विधायक मंच से जनता से इस्तीफा देने को लेकर सवाल पूछते नजर आ रहे हैं। उनके सवाल पर सभा में मौजूद लोगों ने ऐसा जवाब दिया, जिसने मंच पर ही उन्हें असहज कर दिया।
विधायक ने जनता से पूछा- इस्तीफा दे दूं?
मामला रतलाम के रानी सिंग गांव में आयोजित एक सभा का बताया जा रहा है। यहां सैलाना विधानसभा सीट से विधायक कमलेश्वर डोडियार ने जनता को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जनता से कहा, "अगर आप कहो तो मैं इस्तीफा दे दूं।" विधायक के इतना कहते ही नीचे बैठी जनता ने तुरंत और एक सुर में तेज आवाज में जवाब दिया, "दे दो-दे दो।"
सभा में मौजूद लोगों का यह जवाब सुनकर विधायक की बात चर्चा का विषय बन गई। अब इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक के सवाल और जनता की प्रतिक्रिया को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।
भारतीय आदिवासी पार्टी के इकलौते विधायक हैं डोडियार
बता दें कि कमलेश्वर डोडियार मध्य प्रदेश में भारतीय आदिवासी पार्टी के इकलौते विधायक हैं। वह रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी दोनों बड़ी पार्टियों के उम्मीदवारों को पछाड़कर जीत हासिल की थी। लेकिन अब उन्हीं के क्षेत्र की जनता द्वारा मंच पर उनके सामने ही इस तरह की प्रतिक्रिया देना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
