देश

कुलगाम में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, CRPF टीम पर हमला करने वाला लतीफ भट अपने साथी समेत ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकवादी मारे गए हैं। यह आतंकी हाल ही में सीआरपीएफ चेकपोस्ट पर हुए हमले में शामिल थे।

Image

काले घेरे में हैं मृतक आतंकी की फाइल फोटो

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़े अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो खूंखार आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर शीर्ष कमांडर लतीफ भट भी शामिल है। इस ऑपरेशन को जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा एक संयुक्त रणनीति के तहत अंजाम दिया गया।

CRPF चौकी पर हमले के कुछ दिनों बाद मिला अंजाम

खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने कुलगाम के लारू इलाके में सोमवार को घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह सफलता इसलिए भी अहम है क्योंकि मारे गए ये आतंकवादी हाल ही में सुरक्षा बलों पर हुए एक कायरतापूर्ण हमले में संलिप्त थे। बुधवार, 11 नवंबर को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मीर बाजार के पास स्थित अखरान इलाके में एक सुरक्षा चौकी पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया था। आतंकवादियों ने महज 50 मीटर की दूरी से ड्यूटी पर तैनात CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी।

कमांडर लतीफ भट का खात्मा

सोमवार को हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दोनों आतंकवादियों को घेरकर ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का कुख्यात कमांडर लतीफ भट भी शामिल है, जिसे दक्षिण कश्मीर में संगठन का 'लोन सर्वाइविंग कमांडर' माना जा रहा था। उसके मारे जाने से घाटी में लश्कर के आतंकी नेटवर्क को तगड़ा झटका लगा है। एनकाउंटर के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास कोई अन्य संदिग्ध या छिपा हुआ हथियारबंद आतंकी मौजूद न हो।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article